रुद्रपुर। कांग्रेस में शामिल होने के बाद पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल के पहली बार नानकमत्ता साहिब पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। इस दौरान ठुकराल ने गुरुद्वारा श्री नानकमत्ता साहिब पहुंचकर मत्था टेका। रविवार को नानकमत्ता आगमन पर ठुकराल के स्वागत में भव्य रोड शो निकाला गया। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं में जोश भरा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को मजबूत करना हम सबकी जिम्मेदारी है और पूरे प्रदेश में संगठन को सशक्त करना होगा। पार्टी को आगे बढ़ाने के लिए सभी को मिलकर काम करना होगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वह कंधे से कंधा मिलाकर कार्यकर्ताओं के साथ खड़े हैं और विपक्ष में रहते हुए भी आम जनता की समस्याओं का समाधान उनकी प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने कहा कि उनकी राजनीति को खत्म करने के प्रयास किए गए, लेकिन ऐसे प्रयास सफल नहीं हो पाएंगे। उन्होंने दावा किया कि जिले की सभी नौ विधानसभा सीटों पर कांग्रेस का परचम लहराएगा। इस मौके पर विधायक गोपाल सिंह राणा, अजय नारायण सिंह, प्रदीप बेदी, जैला सिंह, सुरेंद्र सिंह करनावल, प्रकाश सिंह, सतनाम सिंह निक्कू, सुखविंद्र सिंह मोमी, पिंटू सिंह, बलवंत सिंह और कृपाल सिंह मौजूद रहे।