बाघ ने महिला को मार डाला, दहशत में लोग

Spread the love

हल्द्वानी : कठघरिया क्षेत्र से सटे पनियाली गांव में बुधवार सुबह बाघ के हमले में 55 वर्षीय महिला की मौत हो गई। महिला जंगल में घास लेने गई थी, तभी घात लगाए बैठे बाघ ने पीछे से हमला कर उन्हें जंगल की ओर घसीट लिया। वन विभाग और ग्रामीणों को दो किमी जंगल में महिला का क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ। 13 दिन के भीतर फतेहपुर वन रेंज में बाघ के हमले में दूसरी मौत से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। घटना से गुस्साये ग्रामीणों ने महिला का शव घर के पास रखकर प्रदर्शन किया। रात आठ बजे तक शव को नहीं उठने दिया गया। जानकारी के अनुसार पनियाली निवासी कमला देवी पत्नी इंदर सिंह फत्र्याल सुबह करीब आठ बजे मवेशियों के लिए घास काटने घर के करीब जंगल अकेले गई थीं। दोपहर एक बजे तक घर नहीं लौटने पर ग्रामीणों ने उनकी खोजबीन शुरू की। ग्राम प्रधान कपिल देवका ने बताया कि जंगल में कुछ दूरी पर महिला का मंगलसूत्र, चप्पल और साड़ी मिली, जिससे अनहोनी की आशंका गहरा गई। सूचना पर वन विभाग की टीम पहुंची और खोजबीन के बाद जंगल में करीब दो किमी भीतर कमला देवी का शव बरामद किया गया। बाघ कमला देवी का एक पांव और शरीर का पिछला हिस्सा खा चुका था। ग्रामीणों के अनुसार कमला देवी वर्ष 2003 से गांव में अकेली रह रही थीं और दो मवेशियों के सहारे जीवन यापन कर रही थीं। उनकी विवाहित बेटी भावना बिष्ट सुशीला तिवारी अस्पताल में कार्यरत हैं। रामनगर वन प्रभाग के डीएफओ ध्रुव सिंह मर्तोलिया ने बताया कि फतेहपुर रेंज की तलिया बीट के काठगोदाम सेक्शन में महिला का शव बरामद हुआ है। बाघ के मूवमेंट और अन्य साक्ष्य जुटाये जा रहे हैं। घटनास्थल के आसपास कैमरे और पिंजरे लगाकर हमलावर हुए बाघ को पकड़ा जाएगा। पूरे क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी गई है। (एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *