जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : गढ़वाल के प्रवेश द्वार स्थित नजीबाबाद चौराहे में गढ़वाल की वीरांगना तिलु रौतेली की प्रतिमा का अनावरण हो गया है। ढोल-दमाऊ की थाप पर अनावरण कार्यक्रम किया गया।
महापौर शैलेंद्र सिंह रावत ने प्रतिमा का अनावरण किया। जिसमें विभिन्न संगठनों के लोगों ने भी भाग लिया। दरअसल, कुछ वर्ष पूर्व गढ़वाल की वीरांगना तिलु रौतेली की प्रतिमा को नजीबाबाद चौराहे के एक किनारे पर स्थापित किया गया था। जिसके बाद कई संगठन लगातार प्रतिमा को बीच चौराहे पर स्थापित करने की मांग उठा रहे थे। एक सप्ताह पूर्व नगर निगम ने प्रतिमा को किनारे से हटाकर चौराहे पर स्थापित किया। कार्य पूर्ण होने के बाद बुधवार को महापौर शैलेंद्र सिंह रावत ने प्रतिमा का अनावरण किया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की वीरांगना तिलु रौतेली के योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। तिलु रौतेली साहस, बलिदान व नारी शक्ति का प्रतीक है। उन्होंने तिलु रौतेली के बलिदान व जीवन के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इस मौके पर तिलु रौतेली विचार मंच के अध्यक्ष बीना रावत, जयबीर रावत आदि मौजूद रहे।