उद्यान और कृषि महकमे ने पौड़ी से प्रचार-प्रसार वाहन को किया रवाना
-यह वाहन जिलेभर में भ्रमण कर किसानों को देगा फसल बीमा की जानकारी
जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : पौड़ी जिले के किसानों को फसल का बीमा कराने के लिए 31 दिसंबर तक का समय दिया गया है। फसल बीमा की जानकारी देने के लिए उद्यान और कृषि महकमे ने पौड़ी से प्रचार-प्रसार वाहन को भी रवाना किया है। यह वाहन जिलेभर में भ्रमण कर किसानों को फसल बीमा की जानकारी देगा।
हर साल मौसम की मार और अन्य वजहों से किसानों को फसल में नुकसान उठाना पड़ता है। ऐसे में यदि उनके पास बीमे की सुविधा नहीं होती तो जोखिम की भरपाई करना किसानों के लिए परेशानी का सबब हो जाता है। फसल को बीमा से कवर करने के मकसद से पौड़ी मुख्यालय से प्रचार-प्रसार वाहन को मुख्य कृषि अधिकारी पौड़ी डीएस राणा और मुख्य उद्यान अधिकारी डा. नरेंद्र कुमार ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। डीएचओ डा. नरेंद्र कुमार ने बताया कि एसबीआई जनरल इंशोरेंस कंपनी के जरिए किसान अपनी रबी फसलों का बीमा कर सकते है। बीमा सुविधा का लाभ उठाने के लिए किसानों के पास 31 दिसंबर तक का समय है। फसल बीमा को लेकर विभाग बीमा सप्ताह का आयोजन कर रहा है। पूरे सप्ताह भर यह प्रचार-प्रसार वाहन किसानों को बीमा की सिुवधा का कैसे लाभ लिया जा सकता है इसकी पूरी जानकारी देगा, ताकि किसानों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करने पडे़। हालांकि जिले में दोनों ही महकमों की चुनौति यह भी है कि बेहद कम किसान बीमा करवाने के लिए आगे आते है। ऐसे में किन्हीं कारणों से फसल बर्बाद होने पर उन्हें नुकसान की भरपाई नहीं हो पाती। बीमा की सुविधा फसल के लिए लोन लेने वाले और नहीं लेने वाले दोनों तरह के किसानों के लिए होगी। योजना का प्रचार-प्रसार जिला संयोजक राहुल नेगी, नदीम हुसैन की देखरेख में किया जा रहा है।