सिविल सेवा परीक्षा में सफलता के लिए अभ्यर्थियों को दिये टिप्स

Spread the love

श्रीनगर गढ़वाल : हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय के डॉ. अंबेडकर उत्कृष्टता केंद्र द्वारा सिविल सेवा के अभ्यर्थियों के मार्गदर्शन हेतु ऑनलाइन चर्चा-परिचर्चा का आयोजन किया गया। इस ऑनलाइन परिचर्चा में मुख्य वक्ता एवं अतिथि के रूप में हेमंत सती (आईएएस 2017 बैच झारखंड कैडर) मौजूद रहे। हेमंत सती द्वारा सिविल सेवा के अभ्यर्थियों को तैयारी के लिए उचित मार्गदर्शन एवं तैयारी के विभिन्न पहलुओं पर गहन चर्चा एवं मार्गदर्शन किया गया।
हेमंत सती ने कहा कि छात्र ये न सोचें कि सिविल सेवाओं में सफलता प्राप्त करने वाले अभ्यर्थी केवल महंगी अंग्रेजी माध्यम की शिक्षा ग्रहण करने वाले अमीर लोग ही प्राप्त करते है। यह परीक्षा देश की सबसे बड़ी परीक्षाओं में से एक है। इसलिए इसकी तैयारी को व्यवस्थित करने की आवश्यकता है। डॉ. अंबेडकर उत्कृष्टता केंद्र की उप समन्वयक प्रो. सीमा धवन ने कार्यक्रम के उपयोगिता छात्रों को बताई और कहा कि हेमंत सती द्वारा स्वयं चारों के बीच आना और अपने अनुभव साझा करना अभ्यर्थियों के लिए बहुत लाभदायक साबित होगा। इससे पहले ऑनलाइन व्याख्यान का शुभारंभ डॉ. आंबेडकर उत्कृष्टता केंद्र के समन्वयक प्रो. एमएम सेमवाल, उप समन्वयक प्रो. सीमा धवन द्वारा किया गया। प्रो. सेमवाल ने कहा कि चमोली जनपद में पैदा हुए हेमंत सती ने भी गांव की ही सरकारी स्कूल में पढ़ कर अपनी प्रारंभिक शिक्षा ग्रहण की जो इस बात का प्रतीक है कि हम अपनी मेहनत और लगन से कहीं भी रह कर और किसी भी पृष्ठभूमि में पैदा होने के बावजूद सफलता प्राप्त कर सकते है। (एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *