नैनीताल। उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं पौड़ी सांसद तीरथ सिंह रावत का रविवार को रामनगर पहुंचने पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। पूर्व सीएम ने रामनगर में अपने एक दिवसीय दौरे के चलते पार्टी के विभिन्न कार्यक्रमों में प्रतिभाग किया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम में भी भागीदारी की। जनसंपर्क अभियान के तहत विशिष्ट लोगों से मुलाकात की। उन्होंने केंद्र में भाजपा सरकार के नौ साल के कार्य गिनाए। रविवार को रामनगर में पूर्व सीएम ने भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। कहा केंद्र सरकार के 9 साल पूरे होने को लेकर पूरे देश में महा जनसंपर्क अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि पूर्ववर्ती सरकारों में जो प्रतिबंध लगे थे या जो घोटाले हुए थे उन सभी से उबारने का काम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया है। आज केंद्र सरकार की योजनाएं जनता पसंद कर रही है। उन्होंने 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव में फिर भाजपा की सरकार केंद्र में बनने का दावा किया। यहां विधायक दीवान सिंह बिष्ट, नवीन करगेती, ब्लक प्रमुख रेखा रावत, पूर्व पालिकाध्यक्ष भगीरथ लाल चौधरी, भाजपा प्रदेश मंत्री राकेश नैनवाल, नरेंद्र शर्मा,भा मदन जोशी, वीरेंद्र सिंह रावत, गणेश रावत, दिनेश मेहरा, नीमा मठपाल, अजीज खान, प्रेम मेहरा आदि रहे।