आज 91,689 मतदाता करेंगे प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला

Spread the love

ऋषिकेश। निकाय चुनाव के तहत गुरुवार को नगर निगम ऋषिकेश, नगर पालिका डोईवाला, मुनिकीरेती और नगर पंचायत स्वार्गाश्रम में मतदान होगा। मेयर पद के लिए चार और 40 वार्डों में पार्षदों के पद के 145 उम्मीदवारों का भाग्य मत पेटी में कैद हो जाएगा। प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला नगर क्षेत्र के कुल 91,689 मतदाताओं को करना है, जिससे मतदान की नजदीक आती घड़ी में प्रत्याशियों के दिलों की धकड़ने भी तेज हो गई हैं। बुधवार को मेयर के लिए भाजपा प्रत्याशी शंभू पासवान, कांग्रेस से दीपक जाटव, यूकेडी से महेंद्र सिंह और निर्दलीय दिनेश चंद्र मास्टर ने डोर-टू-डोर जाकर मतदाताओं से समर्थन मांगा। जीत के लिए कई प्रत्याशी मंदिरों में भी मत्था टेकने पहुंचे। उन्होंने भगवान से जीत की कामना करते हुए समर्थकों और कार्यकर्ताओं में चुनाव के लिए जोश भरा। दिनभर मेयर और पार्षद प्रत्याशी घर-घर के साथ ही कार्यकर्ता व समर्थकों से फोन पर भी संपर्क में रहे। पोलिंग बूथ एजेंट को जिम्मेदारी से अवगत कराते हुए पैनी निगाह रखने के लिए भी कहा। प्रत्याशियों ने कार्यकर्ताओं और समर्थकों को यह भी दो टूक कहा कि प्रचार के बाद मेहनत का फल मतदान के रूप में ही मिलना है, जिसके लिए घर-घर से मतदाता को बूथ तक पहुंचाने में जुटना जरूरी है। देर रात मतदान के दिन को लेकर प्रत्याशी आदि तैयारियों को लेकर जुटे दिखे।
मतदान केंद्रों पर पहुंचीं पोलिंग पार्टियां
गुरुवार को मतदान के लिए पोलिंग पार्टियां बुधवार को ऋषिकेश पहुंच गई। मतपत्र और पेटियों के साथ पहुंची पार्टियों में शामिल अधिकारियों व कर्मचारियों को रिटर्निंग अफसर केके मिश्रा ने आवश्यक जानकारी दी। एसडीएम स्मृता परमार ने उन्हें शांतिपूवर्क व सकुशल चुनाव संपन्न कराने में सहयोग के निर्देश दिए। वहीं, पुलिस और पैरामिलिट्री फोर्स के जवान भी सुरक्षा व्यवस्था के लिए ऋषिकेश पहुंच गए।

नगर निगम ऋषिकेश में मतदाता
महिला- 44,045
पुरूष- 47,644
कुल-91,689

मतदान केंद्र- 36
पोलिंग बूथ- 86

मुनिकीरेती नगरपालिका
महिला- 10,493
पुरूष- 11,882
कुल- 22,375 मतदाता

मतदान केंद्र- 12
पोलिंग बूथ- 26

स्वर्गाश्रम नगर पंचायत
महिला- 1,748
पुरूष- 2,453
कुल- 4,207 मतदाता

मतदान केंद्र- 02
पोलिंग बूथ- 04

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *