चेतावनी बिंदु से ऊपर बह रही टौंस

Spread the love

विकासनगर। यमुना और टौंस के अपर स्ट्रीम में लगातार हो रही बारिश से दोनों नदियों के जल स्तर में बढ़ोतरी हो रही है। शनिवार को टौंस चेतावनी के निशान से ऊपर बही। हालांकि इच्छाड़ी बांध से लगातार पानी छोड़ा जा रहा है, बावजूद इसके जल स्तर में बढ़ोतरी हो रही है। यमुना भी खतरे के निशान के करीब बही। जलस्तर में वृद्धि को देखते हुए प्रशासन अलर्ट मोड पर है। शनिवार शाम टौंस का जल स्तर 643.85 मीटर रहा। यह चेतावनी निशान 643.60 मीटर के 25 सेमी अधिक था। इससे पहले शुक्रवार को टौंस का जल स्तर 643.80 मीटर था। शनिवार को दोपहर तक टौंस का जलस्तर 643.80 मीटर रहा, दोपहर बाद धीरे-धीरे बढ़कर यह 643.85 मीटर पर पहुंच गया। जलस्तर बढ़ने से कालसी थाना पुलिस और तहसील प्रशासन अलर्ट मोड पर है। तटवर्ती क्षेत्र में लगातार मुनादी की जा रही है। एसडीएम योगेश मेहरा ने बताया कि टोंस के जल स्तर पर प्रशासन की नजर है। इच्छाड़ी बांध प्रबंधन से लगातार संवाद किया जा रहा है। इसके साथ ही बांध से धीरे-धीरे पानी को छोड़ा जा रहा है। वहीं शनिवार को यमुना 454.60 मीटर पर बही। यह खतरे के निशान 455.37 मीटर से 77 सेमी कम है। हालांकि यमुना का जल स्तर शुक्रवार से स्थिर है। बावजूद इसके प्रशासन तटवर्ती क्षेत्रों पर लगातार नजर बनाए हुए है। विकासनगर के एसडीएम विनोद कुमार ने बताया कि व्यासी और डाकपत्थर बैराज में पानी को नियंत्रित किया जा रहा है, जिससे जल स्तर में अचानक वृद्धि न हो। इसके साथ ही आपदा प्रबंधनतंत्र भी सक्रिय मोड पर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *