चेतावनी निशान के पार पहुंची टोंस नदी .. लहरें डरा रही

Spread the love

विकासनगर। बारिश के चलते टोंस नदी का जल स्तर बढ़ गया है। बुधवार को टोंस का जल स्तर 644.50 मीटर पर पहुंच गया जो चेतावनी के निशान से 90 सेमी अधिक है। जल स्तर बढ़ने से प्रशासन सतर्क हो गया। हालांकि प्रशासन का दावा है कि अभी कोई खतरा नहीं है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। बावजूद इसके तटवर्ती क्षेत्रों के लोगों को टोंस की लहरें डरा रही हैं। बीते तीन दिनों से लगातार टोंस के जल स्तर में वृद्धि दर्ज की जा रही है। हालांकि अभी तक जल स्तर ने खतरे के निशान को पार नहीं किया है, लेकिन चेतावनी स्तर को पार करते हुए तटवर्ती बस्तियों से टकरा रही लहरें लोगों में दहशत पैदा कर रही हैं। ऊपरी कैचमेंट एरिया में लगातार हो रही बारिश के कारण जल स्तर में वृद्धि दर्ज की जा रही है। टोंस की सहायत रूपीन, सुपीन और पावर नदियों के जल स्तर में भी लगातार वृद्धि हो रही है, जो त्यूणी में टोंस में मिल जाती है। इससे टोंस के लोअर स्ट्रीम में बाढ़ जैसे हालात पैदा होने का खतरा बना हुआ है। उधर, प्रशासन का दावा है कि नदियों के जल स्तर की लगातार निगरानी की जा रही है। डाकपत्थर बैराज और इच्छाड़ी बैराज से लगातार पानी छोड़ा जा रहा है, जिससे बहाव में सुधार हुआ है। कालसी के एसडीएम प्रेमलाल और विकासनगर के एसडीएम विनोद कुमार ने बताया कि यमुना और टोंस के जल स्तर को लेकर यूजेवीएनएल, डाकपत्थर बैराज प्रबंधन और सिंचाई विभाग के अधिकारियों से लगातार संपर्क किया जा रहा है। इसके साथ ही नदियों के ऊपरी कैचमेंट एरिया में नदियों के बहाव की जानकारी लेने के लिए स्थानीय प्रशासन से संपर्क बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *