मॉकड्रिल कर व्यवस्थाओं की ली परीक्षा

Spread the love

जंगलों में आग पर काबू पाने के लिए किया मॉकड्रिल
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : गर्मी के मौसम में वनाग्नि एक बड़ी चुनौती बनती है। ऐसे में जंगलों में लगने वाली आग पर समय पर काबू पाया जा सकें इसके लिए सरकारी तंत्री ने तैयारी शुरु कर दी है। वन विभाग, अग्निशमन विभाग, एसडीआरएफ सहित अन्य विभागों की ओर से मॉकड्रिल कर व्यवस्थाओं की जानकारी जुटाई गई।
बुधवार को सनेह क्षेत्र के जंगलों में मॉकड्रिल की गई। मॉकड्रिल के तहत स्थानीय लोगों ने वन विभाग को सूचना दी कि सनेह क्षेत्र के जंगलों में भीषण आग लगी हुई है। तेज हवा के साथ आग आबादी की ओर बढ़ रही है। इसके बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। लेकिन, स्थिति काफी विकराल होती जा रही थी। जिसके बाद दमकल विभाग व एसडीआरएफ को भी मदद के लिए बुलाया गया। दमकल विभाग के बड़े पानी के टैंकर की मदद से आग पर काबू पाया गया। आग बुझाने के दौरान दो वन कर्मी भी घायल हो गए थे, जिन्हें मौके पर तैनात आपातकालीन सेवा 108 की मदद से राजकीय बेस चिकित्सालय कोटद्वार पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने वन कर्मियों को प्राथमिक उपचार दिया। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि आगामी गर्मी के मौसम में जंगलों में आग लगने की घटनाएं बढ़ने लगती है। इसके लिए विभागों की ओर से संयुक्त माकड्रिल कर तैयारियों की जानकारी ली गई। अभियान के दौरान आमजन को भी वन सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। कहा कि कहीं भी आग लगने की घटना होने पर इसकी सूचना तुरंत वन विभाग को दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *