जयन्त प्रतिनिधि।
चमोली : प्रदेश के पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज शुक्रवार को औली की पावन एवं मनोहर धरती पर औली विंटर कार्निवल -2026 का शुभारंभ करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के दूरदर्शी नेतृत्व और स्पष्ट संकल्प के परिणामस्वरूप उत्तराखंड को विश्वस्तरीय शीतकालीन पर्यटन के रूप में स्थापित करने की दिशा में यह महत्वपूर्ण पहल संभव हो सकी है। कहा कि देवभूमि उत्तराखंड प्राकृतिक सौंदर्य, आध्यात्मिक चेतना और साहसिक संभावनाओं का अद्वितीय संगम है।
पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि 13 से 16 फरवरी 2026 तक आयोजित इस औली विंटर कार्निवल में अनेक गतिविधियां संचालित होंगी। साथ ही, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और स्थानीय लोककलाओं की प्रस्तुतियां भी इस आयोजन को एक अद्वितीय उत्सव बना रही हैं। उन्होंने कहा कि यह आयोजन स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित करेगा, होमस्टे और स्थानीय उद्यमों को बढ़ावा देगा तथा क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाएगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में सरकार पर्यटन को राज्य की अर्थव्यवस्था का प्रमुख आधार स्तंभ बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। शीतकालीन पर्यटन को वर्षभर के पर्यटन चक्र में समाहित कर हम उत्तराखंड के दूरस्थ पर्वतीय क्षेत्रों में संतुलित और सतत विकास सुनिश्चित कर रहे हैं। कहा कि औली विंटर कार्निवल उत्तराखंड को वैश्विक मानचित्र पर सुदृढ़ पहचान दिलाने में मील का पत्थर सिद्ध होगा। इस दौरान पर्यटन सचिव धीरज गब्र्याल, विधायक कर्णप्रयाग अनिल नौटियाल, नगर पालिका अध्यक्ष जोशीमठ देवेश्वरी, ब्लॉक प्रमुख अनूप नेगी जोशीमठ, भाजपा जिला अध्यक्ष गजपाल बर्तवाल, जिलाधिकारी चमोली गौरव कुमार, एमडी जीएमवीएन विशाल मिश्रा, पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पवार, कार्यकारी अधिकारी बीएल राणा, मंदिर समिति के उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती, महाप्रबंधक जीएमवीएन लक्ष्मीराज चौहान, निदेशक वित्त रोमिल चौधरी, सचिव एसोसिएशन राकेश रंजन भिलंगवाल, उपनिदेशक अमित लोहनी, जोशीमठ के उप जिलाधिकारी चंद्रशेखर वशिष्ठ जिला पर्यटन विकास अधिकारी अरविंद गौड़, साहसिक खेल अधिकारी सीमा नौटियाल, थल क्रीड़ा विशेषज्ञ शीतल सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे।
हर साल होगा विंटर कार्निवल का आयोजन
पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि शीतकालीन पर्यटन एवं साहसिक खेलों को बढ़ावा दिए जाने हेतु औली में विंटर कार्निवल का आयोजन किया जा रहा है जिसे प्रत्येक वर्ष आयोजित किया जाएगा। अप्रैल 2026 में भारतीय सेना के साथ सूर्य देवभूमि चैलेंज का आयोजन प्रस्तावित है जिसके अंतर्गत हेलंग से उर्गम रूद्रनाथ, मंडल होते हुए ऊखीमठ तक कुल 91 किमी., ट्रेल का आयोजन किया जाएगा। जनपद चमोली की नीति घाटी में 31 मई को नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन का आयोजन किया जाना है जिसमें रिमखिम से नीति होकर मलारी तक कुल 75 किमी. अल्ट्रामैराथन एवं मलारी से नीति होकर मलारी तक कुल 42 किमी. मैराथन आयोजित होगी। जून 2026 में भारतीय सेना के साथ मिलकर बद्रीनाथ एवं माणा में देवभूमि कल्चरल फेस्टिवल के द्वितीय संस्करण का आयोजन किया जाना प्रस्तावित है। उन्होंने कहा कि 80 के दशक में कुमाऊँ से गढ़वाल के मध्य होने वाली प्रसिद्ध हिमालयन कार रैली का वर्ष 2026 में पुन: आयोजन प्रस्तावित है।