उत्तरकाशी के पर्यटक स्थलों पर उमड़े सैलानी

Spread the love

उत्तरकाशी। बीते रविवार को दोपहर बाद अचानक बदले मौसम के बाद जिले के निचले इलाकों में जहां बारिश के कारण शीतलहर बढ़ गई है, वहीं ऊंचाई वाले इलाकों में जमकर बर्फबारी हुई। बर्फबारी के बाद जिले की खूबसूरत वादियों में सैलानियों की चहलकदमी बढ़ गई है। गंगोत्री और यमुनोत्री धाम ने बर्फ की सफेद चादर ओढ़ी है।
जिले में मौसम बदलने के साथ ही रात के समय तापमान में खासी गिरावट आ गई है। तापमान गिरने से ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी का सिलसिला शुरू हो गया। गंगोत्री व यमुनोत्री धाम सहित हर्षिल, दयारा, डोडीताल, यमुनाघाटी के केदारकांठा, हरकीदून, सांकरी आदि जगहों पर रात में जमकर बर्फबारी हुई। दिसंबर माह में तीसरी बार हुई बर्फबारी से सैलानियों ने जिले पर्यटक स्थलों की ओर रूख किया। बार्सू गांव में ठहरे गुजरात, महाराष्ट्र और कलकत्ता के पर्यटक बर्फबारी के बीच सोमवार को सुबह मौसम खुशनुमा होने पर दयारा के लिए निकले। पर्यटक सतीश जैन, सौरभ कुमार आदि ने बताया कि वे बार्सू गांव में रात में बर्फबारी का नजारा देखने के लिए दयारा जा रहे हैं। बताया कि वह दयारा की वादियों में शानदार स्लोपिंग का आनंद लेने के लिए बेताब हैं। उधर, मोरी के गोविन्द वन्य जीव विहार राष्ट्रीय पार्क क्षेत्र में लगातार हिमपात होने से पर्यटकों की संख्या में खासी वृद्घि हुई है। क्रिसमस के बाद नए साल के जश्न को अभी से सैलानी इन जगहों पर पहुंच रहे हैं। इसके साथ ही बर्फबारी से सेब बागवानों के चेहरे भी खिल उठे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *