10 मीटर खाई में गिरी पर्यटकों की कार, पांच को हल्की चोट

Spread the love

अल्मोड़ा(। वृद्ध जागेश्वर के दर्शन कर उत्तर प्रदेश के बरेली लौट रहे पर्यटकों के साथ बड़ा हादसा होते-होते टल गया। बर्फबारी के चलते सड़क पर जमी फिसलन के कारण पर्यटकों की ब्रेजा कार अनियंत्रित होकर करीब 10 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। वाहन में सवार पांच लोगों को हल्की चोटें आईं, हालांकि सभी पर्यटक सुरक्षित बताए जा रहे हैं। हादसा अल्मोड़ा-जागेश्वर मार्ग पर वृद्ध जागेश्वर जाने वाली सड़क पर हुआ। क्षेत्र में बर्फ जमने के कारण सड़क बेहद फिसलन भरी थी। बताया जा रहा है कि मोड़ पर वाहन का संतुलन बिगड़ गया और कार खाई में जा समाई। दुर्घटना के बाद मौके पर कुछ देर अफरा-तफरी का माहौल रहा। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत-बचाव कार्य चलाया। घायलों को सुरक्षित बाहर निकालकर प्राथमिक उपचार कराया गया। चोटें गंभीर न होने के चलते किसी को अस्पताल रेफर नहीं किया गया। पुलिस प्रशासन ने पर्यटकों और यात्रियों से अपील की है कि बर्फबारी और ठंड के मौसम में पहाड़ी क्षेत्रों की यात्रा के दौरान अतिरिक्त सतर्कता बरतें। वाहन धीमी गति से चलाने और मौसम की स्थिति की जानकारी लेकर ही यात्रा करने की सलाह दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *