त्योहारों से पहले सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की मांग, व्यापार मंडल ने एसएसपी से की मुलाकात

Spread the love

अल्मोड़ा(। देवभूमि उद्योग व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने नवनियुक्त वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोडके से मुलाकात कर उनका स्वागत किया और जिले में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर ज्ञापन सौंपा। व्यापार मंडल ने आगामी होली और रमजान को देखते हुए शहर में पुलिस गश्त और चेकिंग बढ़ाने की मांग उठाई। मंडल के पदाधिकारियों ने कहा कि अल्मोड़ा अपनी सांस्कृतिक विरासत और भाईचारे के लिए जाना जाता है, जहां विभिन्न समुदाय मिलकर त्योहार मनाते हैं। ऐसे में दोनों प्रमुख त्योहार एक साथ होने के कारण असामाजिक तत्वों द्वारा माहौल बिगाड़ने की आशंका बनी रहती है। उन्होंने कहा कि उठाईगिरी, जेबकतरी और शांति भंग करने की घटनाओं को रोकने के लिए पुलिस की सक्रियता जरूरी है। ज्ञापन में मंदिरों, पार्कों और सार्वजनिक स्थानों पर नियमित और सघन चेकिंग अभियान चलाने की मांग की गई। पदाधिकारियों ने कहा कि इन स्थानों का कुछ लोग नशे के लिए भी इस्तेमाल कर रहे हैं, जिससे माहौल प्रभावित होता है। उन्होंने विश्वास जताया कि पुलिस की सख्ती और सतर्कता से आम लोगों में सुरक्षा का भाव मजबूत होगा और त्योहार शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सकेंगे। इस दौरान देवभूमि उद्योग व्यापार मंडल के जिला अध्यक्ष मनोज सिंह पवार, नगर अध्यक्ष संजय साह रिक्खू, महिला जिला उपाध्यक्ष एवं पार्षद वंदना वर्मा, महिला नगर उपाध्यक्ष मनु गुप्ता, कार्यकारी जिला अध्यक्ष प्रमोद पवार भीमा, नगर महामंत्री दीप चंद्र जोशी, जिला संगठन मंत्री नीरज थापा बिट्टू,, आनंद सिंह भोज समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *