विद्युत कटौती पर व्यापारियों ने जताया रोष

Spread the love

-नगर उद्योग व्यापार मंडल के सदस्यों ने दिया अधिशासी अभियंता को ज्ञापन
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार: शहर में लगातार हो रही विद्युत कटौती पर नगर उद्योग व्यापार मंडल ने रोष व्यक्त किया है। कहा कि विद्युत कटौती से शहर का व्यापार प्रभावित हो रहा है। कई बार शिकायत के बाद भी व्यवस्थाओं में सुधार नहीं किया जा रहा।
मंगलवार को सदस्यों ने ऊर्जा निगम कार्यालय में पहुंचकर अधिशासी अभियंता को ज्ञापन दिया। सदस्यों ने बताया कि भीषण गर्मी के बीच शहर में चार से पांच घंटे तक विद्युत कटौती की जा रही है। ऐसे में सबसे अधिक परेशानी विद्युत उपकरणों से जुड़े कार्य करने वाले व्यापारियों को हो रही है। फ्रीज व अन्य उपकरण काम नहीं करने से व्यापारियों का सामान भी बर्बाद हो रहा है। सुबह के समय हो रही बिजली कटौती से पीने का पानी भी उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। कहा कि जनता व व्यापारियों के हित को देखते हुए अघोषित विद्युत कटौती पर लगाम लगाई जानी चाहिए। इस मौके पर व्यापार मंडल जिलाध्यक्ष विवेक अग्रवाल, प्रदेश संगठन मंत्री अजय गुप्ता, व्यापार मंडल महामंत्री लाजपत राय भाटिया और कार्यकारिणी सदस्य बंटी कैंथोला आदि थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *