व्यापारियों ने बंद रखा कीर्तिनगर बाजार, एसडीएम कार्यालय और कोतवाली में किया प्रदर्शन

Spread the love

श्रीनगर गढ़वाल : होली के दिन कीर्तिनगर बाजार में मारपीट हुई जिसमें तीन लोग घायल हो गए। घटना के विरोध में गुरूवार को व्यापारियों और लोगों ने उपजिलाधिकारी कार्यालय व कोतवाली कीर्तिनगर में प्रदर्शन किया। व्यापारियों ने बाजार बंद रखा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठाई।
व्यापारियों ने आरोप लगाया कि होली के दिन कीर्तिनगर बाजार चेक पोस्ट के समीप कीर्तिनगर-नैथाणा क्षेत्र के कुछ युवकों ने बाजार के व्यापारियों के साथ अभद्रता की। इस दौरान कहासुनी बढ़कर मारपीट में बदल गई। घटना में एक व्यापारी के सिर पर गंभीर चोट आई, जबकि दो अन्य लोग भी घायल हो गए। घटना के विरोध में गुरूवार को व्यापारियों ने कीर्तिनगर बाजार बंद रखा और उपजिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया। उन्होंने नगर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, सीसीटीवी कैमरों का नियमित संचालन करने, ओवर स्पीड वाहनों पर कार्रवाई करने और मारपीट के दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। उपजिलाधिकारी मंजू राजपूत ने व्यापारियों को मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद व्यापारी कोतवाली कीर्तिनगर पहुंचे जहां उन्होंने होली के दिन पर्याप्त पुलिस बल तैनात न होने और अराजकता का माहौल बनने पर आक्रोश जताया और प्रदर्शन किया। व्यापारियों ने मामले में संलिप्त सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की। इधर कोतवाली कीर्तिनगर के प्रभारी निरीक्षक संजय मिश्रा ने बताया कि मामले में दो युवकों से पूछताछ की जा रही है। साथ ही घटना के संबंध में जल्द प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। (एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *