व्यवसायिक कर समाप्त करने को विस अध्यक्ष से मिल व्यापारी

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार: नगर निगम की ओर से व्यापारियों से वसूले जा रहे व्यवसायिक कर को समाप्त करने की मांग को लेकर प्रांतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल ने विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूडी भूषण से मुलाकात की। कहा कि व्यापारियों के हित को देखते हुए सरकार को जल्द यह कर वापस लेना चाहिए।
मंडल के जिलाध्यक्ष विवेक अग्रवाल व महामंत्री लाजपत राय भाटिया के नेतृत्व में व्यापारियों ने विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूडी भूषण से मुलाकात की। व्यापारियों ने बताया कि नगर निगम गठन के दौरान प्रदेश सरकार ने दस वर्षों तक क्षेत्रवासियों से किसी भी तरह का कर नहीं वसूलने का वादा किया था। लेकिन, नगर निगम व्यापारियों पर जबरन व्यवसायिक कर थोप रहा है। स्थिति यह है कि कर जमा करने के लिए व्यापारियों को नोटिस भी थमाए गए हैं। कुछ दिन पूर्व व्यापारियों ने उक्त कर वसूली के विरोध में बाजार बंद भी किया था। बावजूद इसके निगम अपने निर्णय वापस लेने को तैयार नहीं है। व्यापारियों ने विधानसभा अध्यक्ष से जीएसटी सर्वे को भी बंद करवाने की मांग की है। कहा कि जीएसटी से संबंधित सभी जानकारी पोर्टल पर उपलब्ध है। बावजूद इसके सर्वे कर व्यापारियों को परेशान किया जा रहा है। कहा कि कोरोना संक्रमण को लेकर लगाए गए लॉकडाउन के बाद से व्यापारी पहले ही आर्थिक तंजी से जूझ रहे हैं। ऐसे में सरकार को उनका सहयोग करना चाहिए। इस मौके पर सेवक मनुजा, श्रीकृष्ण सिंहानिया, डॉ.राज विज, अनीत चावला, रवींद्र फूल, प्रमोद वर्मा आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *