चारधाम यात्रा को सफल बनाने में सहयोग करें व्यापारी

Spread the love

नई टिहरी : चारधाम यात्रा को लेकर तहसील प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। यातायात, पेयजल, सुरक्षा और अन्य सुविधाएं बेहतर करने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय बनाकर आगे बढ़ रहे हैं। चारधाम यात्रा के प्रमुख पड़ाव कंडीसौड़ में सभी सुविधाएं दुरुस्त करने को थाना पुलिस ने समन्वय बैठक की। शुक्रवार को कंडीसौड़ के थानाध्यक्ष सुखपाल सिंह मान ने व्यापारियों, टैक्सी संचालकों सहित स्थानीय नागरिकों व बुद्धिजीवी वर्ग के साथ एक बैठक की। वहां मौजूद लोगों से सजग और सुगम चारधाम यात्रा के संचालन के लिए सुझाव दिए। व्यापार मंडल अध्यक्ष सुमेर सिंह पंवार ने बहारी व्यक्तियों के सत्यापन, अवैध तरीके से फेरी करने वालों पर रोक, बाजार में आलवेदर यात्रा मार्ग के सुधारीकरण के दौरान बाजार से हटाए गए सार्वजनिक पेयजल संयोजनों को पुन: स्थापित करने की बात रखी। व्यापारी भूपेंद्र गुसाईं, राजेंद्र खंडूरी ने यात्राकाल के दौरान जाम की स्थिति से निपटने को बाजार के बीच में खड़े वाहनों को तत्काल हटाने की मांग की। समाजसेवी कुलदीप सिंह ने सुलभ इंटरनेशनल को दुरुस्त करने की मांग की। थानाध्यक्ष मान ने सभी सुझावों को लेकर समाधान निकालने की बात कही। थानाध्यक्ष ने बैठक में मौजूद सभी लोगों से यातायात के नियमों का पालन करने, आनलाइन ठगी से बचने की जानकारी दी। कहा कि नाबालिग बच्चों को वाहन न चलाने देने की अपील की। हाइवे के दोनों ओर सुगम चारधाम यात्रा संचालित करने के लिए अव्यवस्थित रूप से डंप की सामाग्री को भी हटाने की बात कही। दुकानदार प्रतिष्ठानों में रेट सूची चस्पा करने, कूड़ादान लगाने को कहा गया। इस मौके पर सोबन कुमाईं,अरूण खंडूरी, विजय रौतेला,सुमन सिंह गुसाईं, लाखीराम उनियाल आदि मौजूद थे। (एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *