पिथौरागढ़। घाट एनएच में दरकती पहाड़ी लोगों के लिए मुसीबत का सबब बन गई है। इस मार्ग में चमगाड़ के समीप स्थित पहाड़ी से लगातार तीसरे दिन भी बोल्डर और मलबे गिरने का सिलसिला जारी रहा। साढ़ चार घंटे के भीतर पहाड़ी से दो बार भूस्खलन हुआ। कई यात्री मार्ग में फंसे रहे। गुरुवार सुबह छह बजे के करीब पिथौरागढ़-घाट एनएच में चमगाड़ बेंड के समीप भूस्खलन होने से यातायात बंद हो गया। इससे मैदानी क्षेत्रों से जिला मुख्यालय आ रहे फल-सब्जी, राशन, रसोई गैस, अखबार सहित अन्य यात्री वाहन फंस गए। सड़क के दूसरी तरफ मैदानी क्षेत्रों को जाने वाले वाहनों की भी लंबी कतार लग गई। करीब दो घंटे से अधिक समय तक यहां मार्ग बंद रहा। बाद में प्रशासन ने मशीन भेजकर मलबा हटाया और आठ बजकर 20 मिनट में आवाजाही सुचारू कराई। तब कहीं यात्री अपने-अपने गंतव्य को रवाना हुए। 35 मिनट के आसपास मार्ग खुलने के बाद फिर से चमगाड़ बेंड के पास पहाड़ी से भूस्खलन हो गया और मार्ग में यातायात बंद हो गया। करीब आधे घंटे फिर यात्री मार्ग में फंसे रहे। बाद में नौ बजकर 25मिनट में मलबा हटाकर यातायात बहाल किया गया।