– आज शुक्रवार से 17 जुलाई तक हर दिन 20 घंटे भारी वाहनों की नो एंट्री
हरिद्वार। कांवड़ मेले के चलते हरिद्वार में इस बार पुलिस-प्रशासन का ट्रैफिक प्लान 11 जुलाई से 23 जुलाई तक लागू रहेगा। इस ट्रैफिक प्लान में दिल्ली, मेरठ, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, देहरादून, ऋषिकेश, बिजनौर, मुरादाबाद, नजीबाबाद, यमुनानगर और हिमाचल, पंजाब, हरियाणा सहित अन्य राज्यों से आने वाले वाहनों के लिए अलग-अलग मार्ग तय किए गए हैं। साथ ही हरकी पैड़ी क्षेत्र को पूर्ण रूप से जीरो जोन घोषित किया गया है। इसके साथ ही शुक्रवार से 17 जुलाई तक हर दिन 20 घंटे भारी वाहनों की एंट्री हरिद्वार हाईवे पर बंद रहेगी। सिर्फ चार घंटे (रात 12 बजे से सुबह 4 बजे तक) ही भारी वाहनों को हरिद्वार में प्रवेश की अनुमति होगी। 18 जुलाई से 23 जुलाई तक भारी वाहनों का प्रवेश पूर्ण रूप से प्रतिबंधित रहेगा। मुरादाबाद, बिजनौर, नजीबाबाद की ओर से आने वाले भारी वाहनों को चिड़ियापुर और कांगड़ी पार्किंग में खड़ा किया जाएगा, जबकि दिल्ली-मेरठ की ओर से आने वाले भारी वाहनों को नारसन बॉर्डर और मंडावर में रोका जाएगा। एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने बताया कि दिल्ली, मेरठ, मुजफ्फरनगर की ओर से आने वाले बड़े वाहनों को मंगलौर, नगला इमरती सर्विस लेन, लंढौरा, लक्सर, एसएम तिराहा होते हुए बैरागी कैंप पार्किंग की ओर भेजा जाएगा। वहीं, हल्के वाहन भूरहेड़ी, पुरकाजी बॉर्डर, तुगलपुर, लक्सर, एसएम तिराहा होते हुए हरिद्वार पहुंचेंगे। यातायात पर अत्यधिक दबाव पड़ने की स्थिति में रामपुर तिराहा, देवबंद, कोल्की टोल प्लाजा, बड़कला, मंडावर, अब्दुल कलाम चौक, नगला इमरती, लक्सर होते हुए बैरागी कैंप पार्किंग तक वाहनों को डायवर्ट किया जाएगा। दिल्ली से देहरादून और ऋषिकेश की ओर जाने वाले वाहनों को रामपुर तिराहा, देवबंद, छुटमलपुर, देहरादून, ऋषिकेश तथा बिझौली, भगवानपुर, बिहारीगढ़, देहरादून, ऋषिकेश मार्ग से निकाला जाएगा। यमुनानगर और सहारनपुर से हरिद्वार आने वाले वाहन भगवानपुर, बिझौली, नगला इमरती, लक्सर, एसएम तिराहा, बैरागी कैंप मार्ग से आएंगे। मुरादाबाद, बिजनौर और नजीबाबाद की ओर से आने वाले वाहनों को चिड़ियापुर से चार से दो किलोमीटर आगे गौरीशंकर और नीलधारा पार्किंग की ओर भेजा जाएगा। देहरादून और ऋषिकेश की तरफ से आने वाले वाहनों को नेपाली तिराहा, सप्तऋषि तिराहा, दूधाधारी फ्लाईओवर, चमगादड़ टापू व लालजीवाला मार्ग से प्रवेश दिया जाएगा। रोडवेज बसों के लिए अलग से व्यवस्था रोडवेज बसों के लिए भी अलग व्यवस्था बनाई गई है। देहरादून और ऋषिकेश से आने वाली सभी बसों को नेपाली तिराहा, रायवाला, दूधाधारी तिराहा होते हुए मोतीचूर पार्किंग में खड़ा किया जाएगा। वहीं, दिल्ली, मेरठ, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, पंजाब, हरियाणा से आने वाली सभी बसें अपने निर्धारित रूट पर चलेंगी और ऋषिकुल मैदान में पार्क की जाएंगी। बिजनौर, नजीबाबाद, मुरादाबाद, नैनीताल से आने वाली बसें अपने निर्धारित रूट पर ही चलेंगी और उन्हें नीलधारा या गौरीशंकर पार्किंग में रोका जाएगा।
चारधाम जाने वाले वाहन हरिद्वार नहीं आएंगे:चारधाम यात्रा के लिए भी विशेष मार्ग तय किए गए हैं। केदारनाथ और बदरीनाथ वाले वाहनों को मेरठ, गढ़मुक्तेश्वर, नजीबाबाद, कोटद्वार, पौड़ी, श्रीनगर मार्ग से भेजा जाएगा। गंगोत्री और यमुनोत्री जाने वाले वाहनों को मेरठ, मुजफ्फरनगर, देवबंद, छुटमलपुर, विकासनगर के रास्ते निकासी दी जाएगी।
आकस्मिक व्यवस्था: आकस्मिक परिस्थिति में यातायात को नियंत्रित करने के लिए वैकल्पिक योजना भी तैयार की गई है। लक्सर मार्ग बाधित होने पर कांवड़ वाहनों को गुड़ मंडी और नगला इमरती के समीप चिन्हित स्थानों पर रोका जाएगा। सप्तऋषि से बहादराबाद के बीच अत्यधिक दबाव की स्थिति में वाहनों की निकासी वाल्मीकि चौक, रानीपुर मोड़, बीएचईएल होते हुए धनौरी मार्ग से कराई जाएगी। बढेडी मार्ग बाधित होने पर सल्फर मोड़ से लक्सर या खानपुर मार्ग से निकासी दी जाएगी। नारसन और मंगलौर में दबाव अधिक होने पर दिल्ली जाने वाले कांवड़ वाहनों को मंडावर होते हुए बाहर निकाला जाएगा।
ऑटो विक्रम और ई-रिक्शा का अलग है प्लान:ट्रैफिक दबाव को ध्यान में रखते हुए ऑटो, विक्रम और ई-रिक्शा के लिए भी विशेष योजना बनाई गई है। देहरादून और ऋषिकेश की ओर से आने वाले ऑटो और विक्रम को दूधाधारी अंडरपास से मोतीचूर पार्किंग से वापस भेजा जाएगा। ज्वालापुर और बीएचईएल से आने वाले वाहनों को शिवमूर्ति तिराहा, तुलसी चौक और देवपुरा तिराहे से लौटाया जाएगा। जगजीतपुर से आने वाले वाहन सिंहद्वार से, कनखल से आने वाले वाहन शंकराचार्य चौक से और हिल बाईपास से आने वाले वाहन बिल्केश्वर तिराहे से वापस भेजे जाएंगे।
हरिद्वार में 42,700 वाहनों की पार्किंग:हरिद्वार में इस बार 42,700 वाहनों के लिए पार्किंग की व्यवस्था की गई है। बैरागी कैंप में 15,000 भारी वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था की गई है, जो हर की पैड़ी से पांच किलोमीटर दूर है। हरिराम इंटर कॉलेज में 100 दोपहिया वाहन, ऋषिकुल ग्राउंड में 1,000 दोपहिया वाहन, रामलीला ग्राउंड में 500 भारी वाहन, अलकनंदा पार्किंग में 500 हल्के वाहन, दीनदयाल पार्किंग में 8,000 दोपहिया वाहन, मोतीचूर पार्किंग में 1,500 हल्के वाहन, सर्वानंद घाट पार्किंग में 100 भारी वाहन, पंतदीप पार्किंग में 200 हल्के वाहन, चमगादड़ टापू में 3,500 हल्के वाहन, लालजीवाला पार्किंग में 10,000 हल्के व दोपहिया वाहन तथा गौरीशंकर व नीलधारा पार्किंग में 1,500 हल्के वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था की गई है।