त्योहारी सीजन में विकासनगर बाजार में यातायात व्यवस्था ध्वस्त

Spread the love

विकासनगर()। त्योहार का सीजन शुरू होते ही विकासनगर बाजार में रोजाना लगने वाले जाम ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। मुख्य बाजार में हर दिन वाहनों की लंबी कतारें लगी रहती हैं। सड़क के दोनों ओर बेतरतीब खड़े वाहन, ठेलियां और दुकानों के बाहर फैला सामान यातायात को अवरुद्ध करता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि रोजाना जाम के कारण उन्हें बाजार से गुजरने में काफी इंतजार करना पड़ता है। वहीं, स्कूली वाहनों और एंबुलेंस को भी आवाजाही में दिक्कतें पेश आ रही हैं। इससे मरीजों और बच्चों को समय पर अपने गंतव्य तक पहुंचना मुश्किल हो जाता है। व्यापारियों का कहना है कि बाजार में बढ़ती भीड़ और जाम के चलते ग्राहक भी परेशान हो रहे हैं, जिससे कारोबार पर असर पड़ रहा है। लोगों ने आरोप लगाया कि ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने के लिए पुलिस की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। नगरवासियों ने प्रशासन और पुलिस विभाग से मांग की है कि जल्द से जल्द बाजार क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को दुरुस्त किया जाए। त्योहारों का सीजन शुरू होने वाला है, ऐसे में अगर अभी से प्रभावी ट्रैफिक प्लान नहीं बनाया गया तो हालात और बिगड़ सकते हैं। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि बाजार में पुलिस कर्मियों की नियमित तैनाती, एकतरफा यातायात व्यवस्था और अवैध पार्किंग पर सख्ती से ही समस्या का समाधान संभव है। लोगों ने उम्मीद जताई है कि प्रशासन जल्द ही प्रभावी कदम उठाकर जाम की समस्या से राहत दिलाएगा। उधर, इस संबंध में कोतवाल विनोद गुसांई ने कहा कि जाम का प्रमुख कारण फुटपाथों पर अवैध कब्जा और पार्किंग की समस्या है। जल्द ही नगर पालिका के साथ बाजार में अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। बताया कि बैठक कर पहले ही व्यापारियों को अपने दुकानों के आगे ठेली न लगाने के लिए कहा गया है। बताया कि दीपावली को लेकर बाजार में अतिरिक्त पुलिस लगाया जाएगा। साथ ही वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से गुजारा जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *