शादियों के सीजन में बेपटरी होने लगी यातायात व्यवस्था

Spread the love

सड़क पर बेतरतीब खड़े वाहन बन रहे जाम का कारण
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : शादी सीजन में शहर की यातायात व्यवस्था बेपटरी होने लगी है। राष्ट्रीय राजमार्ग के साथ ही मुख्य सड़कों पर घंटों जाम की स्थिति बन रही है। जाम का मुख्य कारण सड़क पर घूमती रहड़ी ठेली व बेतरतीब खड़े वाहन हैं। लाख दावों के बाद भी यातायात पुलिस स्थिति में सुधार नहीं कर पा रही है। जबकि, पूर्व में अधिकारियों से शादी व त्योहार सीजन में अतिरिक्त पुलिस कर्मी सड़क पर तैनात करने की भी बात कही थी।
वर्तमान में चल रहे शादी सीजन से सड़क पर वाहनों का दबाव बढ़ गया है। बड़ी संख्या में लोग अपने परिवार के साथ निजी वाहनों से आवागमन कर रहे हैं। नतीजा अतिक्रमण से संकरी हो चुकी सड़कों पर जाम की स्थिति बन रही है। नजीबाबाद रोड, देवी रोड, स्टेशन रोड, मानपुर रोड में सुबह से ही जाम की स्थिति बन रही है। वाहन चालकों को घंटों जाम खुलने का इंतजार करना पड़ रहा है। देर रात तक शहर में जाम की स्थिति बन रही है। चौंकाने वाली बात तो यह है कि यातायात व्यवस्था सुधारने के दावे करने वाली पुलिस को सड़क किनारे बेतरतीब तरीके से खड़े वाहन व इधर-उधर घूम रही रेहड़ी ठेली नजर नहीं आ रही। जबकि, जाम का मुख्य कारण यही है। स्टेशन रोड में व्यापारियों ने सड़क तक अपनी दुकान सजाई हुई है। जिसके कारण वाहनों को निकलने के लिए पर्याप्त मार्ग नहीं मिल पा रहा। नतीजा जाम लग रहा है।

नहीं हटाया अतिक्रमण
शहर में यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए एक माह पूर्व विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूडी भूषण ने नगर निगम व पुलिस को अतिक्रमण हटवाने के निर्देश दिए थे। लेकिन, एक माह से अधिक का समय बीत जाने के बाद भी सरकारी सिस्टम ने इस ओर ध्यान नहीं दिया। नतीजा गोखले मार्ग, पटेल मार्ग सहित अन्य स्थानों पर अतिक्रमण के कारण पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। हर समय दुर्घटनाओं का अंदेशा बना रहता है। जबकि, शहरवासी भी लगातार अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाते आ रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *