दर्दनाक हादसा : बजरी लदे डंपर से टक्कर के बाद बस में लगी आग, 14 लोगों की मौत; 18 घायल

Spread the love

मार्कापुरम , आंध्र प्रदेश के मार्कापुरम के निकट रायवरम इलाके में एक निजी ट्रैवल बस और टिपर लॉरी के बीच भीषण टक्कर हो गई। इस हादसे में कम से कम 14 लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि लगभग 18 अन्य घायल हो गए हैं।यह दुर्घटना स्लैब क्वारी के पास हुई, जहां टक्कर के तुरंत बाद बस में आग लग गई और कई यात्री उसमें फंस गए। तेज रफ्तार बस के बजरी से लदी टिपर से टकराते ही आग भड़क उठी, जिससे पूरी बस जलकर खाक हो गई।स्थानीय रिपोर्ट्स के अनुसार, हादसे में मृतकों की संख्या 14 बताई जा रही है, जबकि कई घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। मौके पर पहुंची आपातकालीन सेवाओं ने राहत और बचाव कार्य शुरू किया, जो देर तक जारी रहा।
मार्कापुरम के डिप्टी सुपरिटेंडेंट ऑफ पुलिस (डीएसपी) नागराजू ने एक टीवी चैनल को बताया कि अब तक 18 घायलों को सुरक्षित निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया है। कुछ लोगों को मामूली चोटें आई हैं, जिनका इलाज जारी है।
पुलिस के अनुसार, बचाव दल मृतकों की पहचान करने और उनके परिजनों की जानकारी जुटाने में लगा हुआ है। सत्यापन पूरा होने के बाद परिजनों को सूचित किया जाएगा। आशंका जताई जा रही है कि कुछ शव अभी भी बस के अंदर फंसे हो सकते हैं, जिससे राहत कार्य में कठिनाई आ रही है। इस बीच, आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है और मृतकों के प्रति संवेदना जताई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *