थुनाग , शिवरात्रि महोत्सव की सुबह हिमाचल प्रदेश के सराज क्षेत्र में हुए एक भीषण सड़क हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल है। हादसा रविवार सुबह करीब चार बजे बूनालीधार के पास हुआ। चार दोस्त घर से जीप लेकर निकले थे, जो रास्ते में अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। जानकारी के अनुसार, जीप (एचपी65-5148) योगराज निवासी बगस्याड की थी। हादसे में योगराज के बेटे हार्दिक की भी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि चारों युवक बिना घरवालों को बताए तड़के घर से निकले थे। लंबाथाच-कलहणी सड़क पर बूनालीधार के समीप जीप करीब 200 मीटर गहरी खाई में गिर गई।
गाड़ी गिरने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। दो युवक गाड़ी के बाहर पड़े मिले, जबकि दो अंदर फंसे हुए थे। स्थानीय लोगों ने घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां दो युवकों को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। तीसरे युवक ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया, जबकि चौथे की हालत गंभीर बनी हुई है।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। दुर्घटना इतनी भयावह थी कि शुरू में युवकों की पहचान करना भी मुश्किल हो रहा था। बताया जा रहा है कि सभी युवक आईटीआई के छात्र थे। थाना प्रभारी जंजैहली रामकृष्ण ने बताया कि पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर लिया है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।