जयन्त प्रतिनिधि।
रूद्रप्रयाग : आगामी जनगणना-2027 का प्रथम चरण (मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना) वर्ष 2026 एवं द्वितीय चरण की (जनसंख्या गणना) 2027 में किए जाने के दृष्टिगत जनपद स्तर पर जनपद स्तरीय अधिकारियों संबंधित अधिकारियों, चार्ज अधिकारी, चार्ज सहायक एवं अन्य कर्मचारियों हेतु तीन दिवसीय जनगणना प्रशिक्षण का गुरूवार को शुभारंभ किया गया।
जिला कार्यालय सभागार में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम के अवसर पर संयुक्त निदेशक एवं कार्यालय प्रमुख जनगणना कार्य निदेशालय शैलेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि आगामी जनगणना, 2027 ऐतिहासिक एवं विशेष है। बताया कि यह प्रथम अवसर होगा जब संपूर्ण जनगणना प्रक्रिया शत-प्रतिशत डिजिटल माध्यम से संपादित की जाएगी। इस बार जनगणना कार्य पूर्णत: मोबाइल एप्लिकेशन आधारित होगा। प्रगणक एवं पर्यवेक्षक अपने स्वयं के मोबाइल फोन के माध्यम से आंकड़ों का संकलन करेंगे। साथ ही, आरंभ से अंत तक संपूर्ण संचालन, पर्यवेक्षण एवं प्रबंधन हेतु “जनगणना प्रबंधन एवं निगरानी प्रणाली” का उपयोग किया जाएगा, जिसे जनगणना का “मस्तिष्क” के रूप में जाना जा सकता है। इस अवसर पर नितिश रावत, गौरव पुरोहित सहित देहरादून निदेशालय जणगना से प्रशिक्षक एवं प्रशिक्षणार्थी मौजूद रहे।