जम्मू-कश्मीर में तैनात एसएसबी दरोगा का आईटीआर रिफंड दूसरे खाते में ट्रांसफर

Spread the love

देहरादून। सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) में तैनात एक सब-इंस्पेक्टर के साथ ठगी का अनूठा मामला सामने आया है। अज्ञात जालसाज ने दरोगा की इनकम टैक्स रिटर्न खुद ही फाइल कर दी और 79,740 रुपये का टैक्स रिफंड धोखाधड़ी से अपने बैंक खाते में ट्रांसफर करा लिया। पीड़ित की शिकायत पर रायपुर थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।रायपुर थाना क्षेत्र के कृष्णा एन्क्लेव आमवाला तरला निवासी राम चंद्र सिंह एसएसबी में सब-इंस्पेक्टर के पद पर तैनात हैं। पुलिस को दी गई तहरीर में उन्होंने बताया कि आठ मई 2025 से 20 सितंबर 2025 तक उनकी तैनाती जम्मू-कश्मीर के पुंछ में थी। पुंछ में अन्य राज्यों के मोबाइल सिम काम नहीं करते। जिसके चलते वह अपने फोन पर आने वाले ओटीपी और मैसेज नहीं देख पाए। आरोप है कि अक्तूबर 2025 में जब राम चंद्र अपनी आईटीआर फाइल करने लगे तो उन्हें पता चला कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने पहले ही उनकी रिटर्न फाइल कर दी है। जालसाज ने चालाकी से रिफंड के 79,740 रुपये उनके एसबीआई खाते सहस्रधारा रोड शाखा के बजाय किसी अन्य खाते में ट्रांसफर कराए। ठगी का अहसास होने पर उन्होंने साइबर क्राइम पुलिस को शिकायत दी। एसएसआई रायपुर नवीन जोशी ने बताया कि अज्ञात आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उस बैंक खाते की जांच की जा रही है जिसमें पैसा ट्रांसफर हुआ था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *