ऋषिकेश। भानियावाला में दो हफ्ते में तीन बार ट्रांसफार्मर खराब होने से भारी मुसीबत झेलनी पड़ रही है। यहां महज दो हफ्तों में जल संस्थान के नलकूप से जुड़ा ट्रांसफार्मर तीन बार खराब हुआ, जिससे आर्यनगर, महादेवपुरम, यादव बस्ती, मुस्लिम कॉलोनी के लगभग दो हजार लोगों को पानी की किल्लत का सामना करना पड़ रहा है। शनिवार को नगर पालिका डोईवाला के वार्ड नंबर दो भानियावाला के निवासियों ने तहसील कार्यालय पहुंचकर तहसीलदार आईएएस डॉ. हर्षिता सिंह को ज्ञापन सौंपा। वार्ड सभासद सुरेश सैनी ने कहा कि क्षेत्र में जल आपूर्ति के लिए जल संस्थान ने नलकूप लगाया हुआ है। इस नलकूप से जुड़ा ट्रांसफार्मर आए दिन खराब हो जाता है। जिसकी वजह से क्षेत्रवासियों को पेयजल किल्लत झेलनी पड़ती है। कहा कि इसका स्थायी समाधान निकाला जाए और समस्या को दूर किया जाए। उधर, पालिकाध्यक्ष नरेंद्र नेगी ने कहा कि विभागीय अधिकारियों को समस्या का समाधान करने के लिए कहा, ताकि स्थानीय लोगों को मूलभूत सुविधाओं का लाभ मिलता रहे। विद्युत उपखंड अधिकारी गिरिराज सैनी ने कहा कि वकीलों ने ट्रांसफार्मर के आसपास टीन के चेंबर बना दिए हैं। इन टीन चेंबरों से गिरने वाला बरसात का पानी सीधे ट्रांसफार्मर और उसकी केवल पर पड़ता है, जिसके कारण वह बार-बार खराब हो रहा था। फिलहाल ट्रांसफार्मर को दुरुस्त कर दिया गया है। जल संस्थान अवर अभियंता विनोद असवाल ने कहा कि चेंबरों के नीचे से गुजर रही पानी की पाइपलाइन को दूसरी जगह शिफ्ट कर दिया गया है। अब उपभोक्ताओं को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होगी और जलापूर्ति सामान्य रूप से जारी रहेगी। ज्ञापन देने में मुन्ना चौहान, गोपाल, नरेंद्र उनियाल, अरुण सोलंकी, नितिन बर्थवाल, मुकेश राणा, नरेंद्र उनियाल, राजेंद्र प्रसाद रतूड़ी, बच्चन सिंह राणा आदि उपस्थित रहे।