लापरवाह निगम: शहर से गायब हुए कूड़ेदान, सड़कों पर जल रहा कूड़ा

Spread the love

कुछ वर्ष पूर्व नगर निगम की ओर से सड़क किनारे लगाए गए थे कूड़ेदान
सड़क किनारे लगे कूड़ेदान गायब होने से जगह-जगह फैली रहती है गंदगी
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : शहर को स्वच्छ व सुंदर बनाने के दावे करने वाला नगर निगम स्वयं की जिम्मेदारियों को लेकर कितना लापरवाह है, इसका उदाहरण कोटद्वार शहर की सड़कों पर देखने को मिल रहा है। जहां सड़कों के किनारे कूड़ेदान नहीं होने से जगह-जगह गंदगी के ढेर लगे हुए हैं। कई व्यक्ति कूड़े के ढेर को सड़क किनारे ही जला रहे हैं। ऐसे में चारों ओर धुएं का गुब्बार छाया रहता है।
चार वर्ष पूर्व नगर निगम की ओर से क्षेत्र में पचास से अधिक कूड़ेदान रखे गए थे। प्रत्येक चौराहे के साथ ही वार्डों के प्रवेश द्वार पर एक-एक कूड़ेदान लगाया गया था। लेकिन, वर्तमान में यह कूड़ेदान पूरी तरह गायब हो चुके हैं। नतीजा, अधिकांश व्यक्ति घरों व प्रतिष्ठानों से निकलने वाले कूड़े को सड़क किनारे फेंक देते हैं। सबसे बुरी स्थिति मालगोदाम रोड, नजीबाबाद रोड, देवी रोड क्षेत्र में बनी हुई है। सड़क किनारे पड़े कूड़े के कारण आमजन को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। दुर्गंध के कारण व्यापारियों का दुकानों में बैठना भी मुश्किल हो गया है। तेज हवा चलने पर यह कूड़ा जगह-जगह बिखर जाता है। यही नहीं कई व्यक्ति कूड़े के ढेर पर आग लगाकर उसे नष्ट कर देते हैं, जिससे पूरे दिन आसपास में धुंआ छाया रहता है। कूड़ा जलने से उठने वाली दुर्गंध के कारण आसपास के परिवारों का सांस लेना भी मुश्किल हो जाता है।

समय पर नहीं उठाता कूड़ा
निगम क्षेत्र में सुबह दस बजे से पहले कूड़े के ढेर नहीं उठाए जाते। कई स्थानों पर कूड़ा दो-दो दिन तक सड़क किनारे पड़ा रहता है। ऐसे में आसपास के परिवारों को संक्रामक बीमारियों के फैलने का खतरा बना रहता है। कई बार कूड़ा उठने के बाद कई व्यक्ति दोबारा उसी स्थान पर कूड़ा डाल देते हैं। देवी रोड निवासी मयंक प्रसाद ने बताया कि यदि नगर निगम कूड़ेदान लगाता है तो इससे सड़क पर कूड़े की समस्या का निराकरण हो जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *