ट्रेविस हेड ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ जड़ा वनडे करियर का पहला शतक, ये बनाए रिकॉर्ड्स

Spread the love

नईदिल्ली, ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के सलामी बल्लेबाज ट्रेविस हेड ने दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम के खिलाफ तीसरे वनडे मुकाबले में शानदार शतकीय पारी (142) खेली। हेड ने दक्षिण अफ्रीका की शानदार गेंदबाजी आक्रमण की धज्जियां उड़ाते हुए तूफानी बल्लेबाजी की। उन्होंने केवल 80 गेंदों में ही शतक पूरा कर लिया। ये उनके वनडे करियर का 7वां और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहला शतक रहा। ऐसे में आइए हेड की पारी और उनके आंकड़ों पर एक नजर डालते हैं।
हेड ने 103 गेंदों का सामना किया और 142 रन बनाए। उनके बल्ले से 17 चौके और 5 छक्के निकले। उनकी स्ट्राइक रेट 137.86 की रही। उन्हें केशव महाराज ने आउट किया। हेड ने मैदान में उतरने के साथ ही दक्षिण अफ्रीका के गेंदबाजों की धुनाई शुरू कर दी। उन्होंने 32 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया था। उनका साथ मिचेल मार्श ने भी खूब दिया और दोनों ने पहले विकेट के लिए 205 गेंदों में 250 रन जोड़ दिए।
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ हेड ने अपना पहला वनडे साल 2016 में खेला था। अब तक उन्होंने 16 मुकाबले खेले हैं और इसकी 16 पारियों में 36.20 की औसत से 543 रन बनाने में सफल रहे हैं। उनकी स्ट्राइक रेट 121.74 की रही है। उनके बल्ले से दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 1 शतक के अलावा 3 अर्धशतक निकले हैं। हेड ने इंग्लैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ 19 मैचों की 19 पारियों में 52.94 की औसत से 900 रन बनाए हैं।
वनडे में हेड शानदार फॉर्म में हैं। साल 2023 में उन्होंने 13 मुकाबले खेले थे और इसकी 13 पारियों में 51.81 की औसत से 570 रन बनाए थे। उनके बल्ले से 2 शतक और 3 अर्धशतक निकले थे। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 137 रन था। साल 2024 में उन्होंने 5 वनडे खेले थे और इसकी 5 पारियों में 63 की औसत से 252 रन बनाए थे। उनके बल्ले से 1 शतक निकला था और उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 154* रन था।
हेड ने अपना पहला वनडे मुकाबला साल 2016 में वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम के खिलाफ खेला था। उन्होंने अब तक 76 मुकाबले खेले हैं और इसकी 73 पारियों में 44.57 की शानदार औसत के साथ 2,942 रन बनाने में सफल रहे हैं। उनके बल्ले से 17 अर्धशतक के अलावा 7 शतक भी निकले हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 154* रन रहा है। हेड ने ये पारी इंग्लैंड के खिलाफ साल 2024 में खेली थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *