सफाई कर्मचारियों की तनख्वाह बैंक से रोके जाने पर जबरदस्त हंगामा,नारेबाजी

Spread the love

रुद्रपुर()। वेतन का चेक बैंक में रोके जाने पर बैंक ऑफ बड़ौदा के गेट पर बुधवार को सफाई कर्मचारियों ने हंगामा कर दिया। आक्रोशित कर्मचारियों ने बैंक गेट पर पूर्व दर्जाधारी संतोष गौरव के नेतृत्व में प्रदर्शन किया और कूड़े से लदी ट्रॉली बैंक गेट के आगे खड़ी कर दी। हंगामे के दौरान गेट पर तैनात बैंक गार्ड पर सफाई कर्मियों पर बंदूक तानने का आरोप लगाया। हंगामे की सूचना पर मौके पर बाजार चौकी इंचार्ज सहित काफी संख्या में पुलिस बल पहुंच गया। लगभग एक घंटे तक चले हंगामे के बाद ईओ नगर पालिका के पहुंचने पर बैंक मैनेजर, सफाई कर्मी नेता, पुलिस प्रशासन के बीच वार्ता होने पर मामले का निस्तारण हुआ। नगरपालिका सफाई कर्मियों के वेतन का चेक बैंक ऑफ बड़ौदा में विगत 16 साल से आता है। यहां से सफाई कर्मचारियों का वेतन उनके खातों में जमा हो जाता है। बुधवार को नगरपालिका के सफाई कर्मियों के वेतन का चेक बैंक में आया। आरोप है कि बैंक में आए वेतन के चेक को खातों में डालने से बैंक ने इनकार करते हुए चेक वापस कर दिया। कर्मचारियों का आरोप है कि बैंक मैनेजमेंट नगरपालिका का मुख्य खाता जो दूसरे बैंक में है उसे भी बैंक ऑफ बड़ौदा में खुलवाने का दबाव बनाने के लिए चेक वापस कर रहे हैं। जब कर्मचारी वार्ता करने आए तो उन्हें बाहर निकाल दिया गया और गेट पर तैनात गार्ड ने कर्मचारियों पर बंदूक तान दी। बैंक कर्मियों के व्यवहार से सफाई कर्मियों में आक्रोश फैल गया। हंगामा शुरू कर दिया। इस बीच पालिका ईओ प्रियंका आर्य और पुलिस चौकी इंचार्ज जीवन सिंह चुफाल के समझाने बुझाने पर कर्मी शांत हुए और बैंक मैनेजर से बात शुरू हुई जिसमें काफी देर की बातचीत के बाद बैंक वेतन देने के लिए सहमत हुआ। यहां विनोद कुमार, विक्की, राजा, राकेश, अनिल कुमार, दिनेश, सरताज, बालवीर, श्यामवीर, गणेश देवी, विनीता देवी, राजू देवी रहे।
जो भी घटना क्रम हुआ है वह नगरपालिका का इशू है, बैंक से कोई मामला नहीं है वार्ता बाद हल निकाल लिया गया है। बैंक गार्ड से भी बात हुई, उसका कहना है कि उसने कोई बंदूक नहीं तानी वो तो गेट खोलने के लिए कंधे से बंदूक उतार रहा था। -अमित कुमार, शाखा प्रबंधक बीओबी खटीमा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *