घरों पर लहराएंगे कैदियों द्वारा तैयार तिरंगे झण्डे

Spread the love

हरिद्वार। आजादी की 75वीं वर्षगांठ पर मनाए जारहे आजादी के अमृत महोत्सव के अंतर्गत हर घर तिरंगा लगाने के अभियान की तैयारियां जोरशोर से चल रही हैं। हरिद्वार जेल के कैदी भी अभियान को सफल बनाने में योगदान कर रहे हैं। अभियान को सफल बनाने के लिए जेल की चाहरदीवारी के भीतर कैदी दस हजार तिरंगे झंडे बना रहे हैं। जेल में तैयार होने वाले तिरंगे झंडे बाजार में बिकने के बाद खुले आसमान में लहराएंगे। जेल अधीक्षक मनोज कुमार आर्य ने बताया कि आजादी के अमृत महोत्सव के लिए दस हजार तिरंगे झंडे बनाने का लक्ष्य रखा गया है। कैदी पूरे उत्साह के साथ झण्डे बनाने में जुटे हुए हैं। झण्डे तैयार कर रहे कैदीयों को 20 सिलाई मशीन उपलब्ध करायी गयी हैं। झंडे तैयार होने के बाद बाजार में बिक्री के लिए उपलब्ध कराए जाएंगे। मुलाकात के लिए आने वाले कैदीयों के परिजनों को भी एक-एक तिरंगा दिया जाएगा। इसके अलावा जेल की प्रत्येक बैरक में तिरंगा झंडा लगाया जाएगा। मनोज आर्य ने कहा कि आजादी के अमृत महोत्सव को जेल के अंदर भव्य रूप से मनाया जाएगा। खेल प्रतियोगिता के साथ सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता भी कराई जाएगी। 15 अगस्त को जेल परिसर में प्रभात फेरी निकाली जाएगी। स्वतंत्रता सेनानी और आजादी के नायकों की झांकी भी निकाली जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *