श्रीनगर गढ़वाल : ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे पर शिवमूर्ति के समीप सोमवार तड़के एक ट्रक के ब्रेक फेल होने के कारण वह दूसरे वाहन से जा टकराया जिससे चालक केबिन में फंस गया। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद चालक को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया।
थाना प्रभारी प्रशांत बहुगुणा ने बताया कि हरिद्वार के भगवानपुर से सीमेंट लेकर रुद्रप्रयाग जा रहे एक ट्रक के शिवमूर्ति के पास ब्रेक फेल होने से वह अनियंत्रित हो गया और आगे चल रहे वाहन से टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रक का केबिन क्षतिग्रस्त हो गया और चालक फैसल खान, निवासी बागपत, उत्तर प्रदेश उसमें बुरी तरह फंस गया। अन्य वाहन चालकों और पुलिस टीम ने सब्बल, गैंती व कटर आदि उपकरणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद केबिन को काटकर चालक को सुरक्षित बाहर निकाला। चालक के पैरों में गंभीर चोटें आई हैं। उसे 108 एंबुलेंस से बागी अस्पताल भिजवाया गया। इसकी सूचना वाहन स्वामी और घायल के परिजनों को दी गई है। (एजेंसी)