राष्ट्रीय राजमार्ग के वैकल्पिक मार्ग पर फंसा ट्रक, घंटों लगा जाम

Spread the love

कोटद्वार-नजीबाबाद के मध्य वैकल्पिक मार्ग के दलदल में फंसा ट्रक
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : कोटद्वार-नजीबाबाद के मध्य जाफरा के समीप पुलिया ढहने के बाद चुनौतियां कम होने का नाम नहीं ले रही। सोमवार को राष्ट्रीय राजमार्ग पर बनाए गए वैकल्पिक मार्ग पर एक ट्रक फंस गया। जिसके कारण मार्ग पर तीन घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही। हालांकि, राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग ने जेसीबी से ट्रक को हटाकर यातायात खुलवाया।
रविवार को जाफरा में कोटद्वार व नजीबाबाद को जोड़ने वाली पुलिया ढह गई थी। जिसके कारण यातायात प्रभावित हो गया था। एनएच विभाग ने ह्यूम पाइप पाइप डालकर वैकल्पिक मार्ग तैयार किया। लेकिन, सोमवार सुबह नाले के तेज बहाव में ह्यूम पाइप व इसके ऊपर बिछी मिट्टी पूरी तरह बह गई थी। साथ ही हाईवे का कुछ हिस्सा भी नाले के तेज बहाव में बह गया था। नतीजा, सोमवार सुबह करीब दस बजे से राजमार्ग पर यातायात बंद हो गया। रात्रि करीब साढ़े दस बजे तक मार्ग को वाहनों के संचालन को तैयार किया गया व राष्ट्रीय राजमार्ग में फंसे वाहनों की आवाजाही शुरू हो पाई। रात के समय मार्ग खुलने के बाद यात्रियों ने राहत की सांस ली। लेकिन, मंगलवार तड़के ही नजीबाबाद से कोटद्वार की ओर आ रहा एक ट्रक वैकल्पिक मार्ग में फंस गया। करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद सुबह सात बजे ट्रक को जेसीबी की मदद से निकालकर यातायात सुचारु करवाया गया। मार्ग खुलने के बाद यात्रियों ने राहत की सांस ली। दरअसल, इन दिनों स्कूलों की छुट्टी खत्म होने के बाद मैदानी क्षेत्रों के लिए यात्रियों की संख्या में इजाफा हो गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *