चमोली()। बदरीनाथ हाईवे पर बेलाकूची-टंगणी के पास ट्रक का टायर मलबे में धंसने से हाईवे करीब दो घंटे तक बाधित रहा। हाईवे पर फंसे लोगों की मदद से ही पुलिस ने ट्रक को किनारे करवाया। हाईवे खुलने पर लोगों ने राहत की सांस ली। बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग बेलाकूची-टंगणी के पास बदहाल बना हुआ है। पिछले साल हुए भूस्खलन से हाईवे पर गड्ढे हो चुके हैं। इन दिनों यहां पहाड़ी के सुधारीकरण कार्य के साथ ही हाईवे पर भी काम चल रहा है जिससे हाईवे पर बिछाई मिट्टी बारिश होने से कीचड़ में तब्दील हो गई है। सोमवार को पूर्वाह्न करीब 11 बजे सामान से लदे ट्रक का टायर यहां गड्ढे में धंस गया। काफी मशक्कत के बाद भी ट्रक न आगे बढ़ पाया और न ही पीछे आ पाया। ट्रक फंसने से हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लाइन लग गई। स्थानीय जयदीप रावत ने बताया कि वे गोपेश्वर जा रहे थे लेकिन ट्रक फंसने से हाईवे बंद हो गया। करीब दो घंटे तक पुलिस और हाईवे पर फंसे लोगों ने कड़ी मशक्कत की उसके बाद ट्रक को किनारे किया जा सका। कोतवाली प्रभारी देवेंद्र रावत ने बताया कि हाईवे के इस क्षेत्र में बार-बार वाहनों के फंसने की शिकायत आ रही है। मौके पर पुलिस कर्मी तैनात कर दिए गए हैं। साथ ही कार्यदायी संस्था को यहां जेसीबी तैनात करने के लिए कहा गया है ताकि वाहनों के फंसने पर उन्हें खींचकर निकाला जा सके।