ग्रामीणों के लिये परेशानी बना डंपिंग जोन का मलबा

Spread the love

टिहरी। सड़क निर्माण के दौरान बने डंपिंग जोन ग्रामीणों के परेशानी बनने लगे हैं। बरसात के कारण डंपिंग जोन का मलबा ग्रामीणों की खेतों में जाने से उनके खेतों और फसलों को भारी नुकसान पहुंच रहा है। ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन से डंपिंग जोन के मलबे से दबे खेतों और फसलों के मुआवजा की मांग की है। बीते बुधवार से लगातार हो रही बरसात के कारण चंबा-धरासू हाईवे पर आलवेदर सड़क निर्माण के दौरान निर्माणदायी संस्थाओं से बनाये गये डंपिंग जोनों का मलबा ग्रामीणों के खेतों में जाने से उनके खेतों को भारी नुकसान पहुंचा रहा है। चंबा ब्लॉक के हडम-डन्डासली गांव के प्रधान बिहारी लाल, ग्रामीण बसंत लाल कोठारी, शिव प्रसाद, कृष्णा कोठारी,अरविन्द कोठारी, भगवती प्रसाद आदि ग्रामीणों का कहना है कि आलवेदर सड़क निर्माण के समय निर्माण में लगी कम्पनी द्वारा चम्बा-धरासू राष्ट्रीय राजमार्ग पर उनके गांव हडम के निकट डम्पिंग जोन बनाया गया। बरसाती पानी के साथ डंपिंग जोन का मलबा बह कर उनके खेतों में जा रहा है, जिसके कारण ग्रामीणों के खेतों में भारी मलबा जमा हो रहा है। जिससे खेत में उगी फसलें पूरी तरह बर्बाद हो चुकी है। उन्होंने शासन-प्रशासन से खेतों और फसलों के मुआवजे की मांग की है। मांग पूरी न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *