जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : विश्वम्भर दयाल मुनि विश्वकर्मा ट्रस्ट की ओर से झंडीचौड़ में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें ट्रस्ट के संस्थापक स्व. विश्वम्भर दयाल मुनि के योगदान को याद किया गया। इस दौरान ट्रस्ट के पूर्व अध्यक्ष स्व. कांति प्रकाश की सातवीं पुण्यतिथि पर उन्हें भी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
शुक्रवार को आयोजित कार्यक्रम में पूर्व पार्षद सुखपाल शाह ने कहा कि विश्वम्भर दयाल मुनि ने 1995 में निर्धन मेधावी छात्रों, अनाथों, दिव्यांगों व बेसहारों के हित में अपनी निजी पूंजी ट्रस्ट को दे दी थी। युवाओं को उनके बताए मार्ग पर चलना चाहिए। प्रमोद कुमार चौधरी ने शिक्षा के विस्तार की आवश्यकता बताई। आर्य समाज कोटद्वार के आचार्य नितिन शास्त्री ने महर्षि दयानंद सरस्वती के कार्यों के बारे में बताया। कार्यकम में सदस्यों ने महापुरुषों के बताए मार्ग पर चलने का भी संकल्प लिया। इस मौके पर ट्रस्ट की अध्यक्ष लक्ष्मी देवी, परशुराम, रामेश्वरी देवी, पुष्पा शाह, प्रिया, पूनम देवी, कोमल चंद्र, मुकेश चंद्र, डा. सुरेंद्र लाल आर्य, शूरवीर खेतवाल आदि मौजूद रहे।