चोरी की मोटर साइकिल के साथ दो गिरफ्तार, एक फरार

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : कोटद्वार व हरिद्वार से चोरी की गई दो मोटर साइकिलों के साथ पुलिस ने दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। मामले में एक व्यक्ति फरार चल रहा है। जिसे पकड़ने के लिए पुलिस की विशेष टीम गठित की गई है।
मामले में 16 मार्च को कोटद्वार निवासी अनिल चौहान की ओर से पुलिस को तहरीर दी गई थी। जिसमें उन्होंने बताया कि क्षेत्र से उनकी मोटर साइकिल चोरी हो गई थी। घटना के बाद पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरे खंगालकर जांच शुरू कर दी थी। अपर पुलिस अधीक्षक चंद्रमोहन सिंह ने बताया कि बुधवार को पुलिस को सनेह मार्ग पर दो व्यक्ति संदिग्ध अवस्था में एक मोटर साइकिल में घूमते हुए नजर आए। बताया कि जब व्यक्तियों से मोटर साइकिल के दस्तावेज मांगे गए तो वह गोल-मोल जवाब देने लगे। सख्ती से पूछताछ करने पर पता चला कि उन्होंने कोटद्वार से यह मोटर साइकिल चोरी की। बताया कि आरोपितों के पास से हरिद्वार से चोरी की गई एक अन्य मोटर साइकिल भी बरामद की गई है। आरोपितों की पहचान उत्तर प्रदेश के जिला बिजनौर के अंतर्गत कुआंखेड़ा निवासी संदीप सिंह और ऋषिकेश के गुमानीवाला निवासी राज शर्मा के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि चोरी की घटना में बिजनौर के अंतर्गत कुआंखेड़ा निवासी मंगल सिंह भी शामिल है, जो कि फरार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *