वाहन स्वामी से रुपये लूटे, दो आरोपी गिरफ्तार एक फरार

Spread the love

रुद्रपुर। सरे बाजार बदमाशों ने मैजिक स्वामी को धक्का देकर उसकी जेब से 6250 रुपये निकाल लिए। शोर शराबा होने पर लोगों ने दो बदमाशों को पकड़ लिया। जबकि उनका तीसरा साथी भागने में कामयाब हो गया। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा कायम कर दिया है। सतीश कुमार चिलाना पुत्र सोहन लाल निवासी ग्राम महाराजपुर किच्छा मैजिक स्वामी है। सोमवार सायं वह हल्द्वानी मैजिक स्टैंड से रोडवेज बस स्टैंड की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान नैनीताल बैंक गली के पास तीन अज्ञात व्यक्तियों ने उन्हें धक्का दिया। जिससे वह असंतुलित होकर गिर गये। इसी का फायदा उठाकर बदमाश उनकी पैंट की जेब मे रखे 6250 रुपये लूटकर भागने लगे। सतीश के शोर मचाने पर वहां अन्य लोग जमा हो गये। घटना की जानकारी मिलते ही लोगों ने आरोपियों को पकड़ने के लिए दौड़ लगा दी। लोगों की मदद से सतीश ने दो आरोपियों को पकड़ लिया। लोगों ने आरोपियों को पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम आमिर पुत्र जाबिर निवासी कठगर जिला मुरादाबाद व गुड्डु पुत्र जाकिर निवासी ख्वाजा नगर धीमरी रोड मझोला मुरादाबाद बताया। उनके कब्जे से लूटे हुए दो हजार रुपये बरामद हुए। आरोपियों ने बताया कि उनका एक साथी बाबू निवासी मुरादाबाद शेष रुपये लेकर भाग गया है। कोतवाली के एसएसआई शंकर सिंह रावत ने बताया कि बदमाशों के आपराधिक इतिहास के बारे में जानकारी ली जा रही है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर तीसरे आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *