जेवरात साफ करने के नाम पर ठगी करने वाले दो गिरफ्तार

Spread the love

रिखणीखाल क्षेत्र में घूमकर ग्रामीणों को बनाते थे अपना निशाना
आरोपियों के पास से पुलिस ने बरामद किया एक गुलबंद व कैमिकल
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार: रिखणीखाल क्षेत्र में जेवरात चमकाने के नाम पर ग्रामीणों से ठगी करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के पास से एक सोने का गुलबंद व कैमिकल बरामद हुआ है। आरोपी पिछले लंबे समय से ग्रामीणों के साथ ठगी कर रहे थे। जिसकी शिकायत लगातार पुलिस को मिल रही थी।
रिखणीखाल थाना प्रभारी कमलेश शर्मा ने बताया कि पिछले कुछ माह से पुलिस को क्षेत्र में सोना, चांदी साफ करने के नाम पर ठगी करने वालों की सूचना मिल रही थी। इसके बाद पुलिस ने एक विशेष टीम गठित कर आरोपियों की पहचान शुरू कर दी थी। बताया कि बुधवार सुबह पुलिस को गश्त के दौरान सिनाला गांव के समीप दो संदिग्ध युवक घूमते हुए नजर आए। पुलिस ने जब दोनों से उनका पहचान पत्र मांगा तो वह गोल-मोल जवाब देते हुए भागने का प्रयास करने लगे। लेकिन, पुलिस उन्हें पकड़कर थाने ले आई। बताया कि आरोपियों के थैलों से पुलिस ने एक सोने का गुलबंद व सोना, चांदी कैमिकल बरामद किया है। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने लोगों के साथ ठगी करने की भी बात कबूली है। बताया कि आरोपियों की पहचान झारखंड के ग्राम कोरबड्डा मेहरमा गोंडा निवासी पवन सोनी व बिहार के मनोहरपुर कटिहार निवासी खंतार मंडली के रूप में हुई है। आरोपियों से उनके अन्य साथियों के बारे में भी पूछताछ की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *