पुलभट्टा में कुर्क फैक्ट्री से तांबा-लोहा चुराते दो गिरफ्तार

Spread the love

रुद्रपुर। पुलभट्टा में कुर्क फैक्ट्री से तांबा और लोहा चुराते दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। जबकि उनके पांच साथी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मौके से चोरी का सामान व लोहा काटने के उपकरण बरामद किए हैं। पुलिस ने फैक्ट्री के चौकीदार व चोरी का माल खरीदने वाले कबाड़ी समेत सभी आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। मंगलवार शाम पुलभट्टा पुलिस गश्त कर रही थी। तभी सूचना मिली कि पिपलिया मोड़ के निकट बैंक से कुर्क पेपर मिल में अनवार गैंग के सदस्य लोहा, तांबा आदि चोरी कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। मौके पर कुछ लोग गैस कटर की मदद से लोहे की मशीनों को काट रहे थे। पुलिस को देखकर वहां भगदड़ मच गई। पुलिस ने घेराबंदी कर दो आरोपियों को पकड़ लिया। आरोपियों ने अपना नाम अबरार अहमद पुत्र मुख्तयार अहमद निवासी ग्राम पंडरी सितारगंज और मनीष कुमार पुत्र अनिल कुमार निवासी आजाद नगर सितारगंज बताया। पुलिस ने मौके से 13 किलो कपर वायर और चोरी करने के उपकरण आक्सीजन सिलेंडर, गैस कटर, गैस पाइप, रेगुलेटर, एक पेट्रोमैक्स, रिंच, हैक्सा मशीन, हथौड़ा, पेचकस आदि बरामद किए। आरोपियों ने बताया कि उनके गिरोह का सरगना अनवार पुत्र काबिर, नदीम, गुलाम हसन पुत्र रईस अहमद, सलमान पुत्र कबीर अहमद निवासी पंडरी सितारगंज और सौरभ निवासी पुलभट्टा पुलिस को देखकर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने फैक्ट्री के चौकीदार रामपाल, कबाड़ी आबिद समेत सभी आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *