सितारगंज में आमने-सामने की टक्कर से दो कारों से उड़े परखच्चे, मची चीख पुकार, एक की मौत, 11 घायल

Spread the love

खटीमा । उत्तराखंड में सितारगंज रोड पर पहेनिया टोल प्लाजा के पास दो कारों की आमने-सामने से जबरदस्त टक्कर हो गई। हादसे में टैक्सी चालक की मौत हो गई। वहीं, 11 लोग घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल चार लोगों को हायर सेंटर रेफर किया गया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया है।
जानकारी के अनुसार, रविवार को रमनगरा माधोटांडा पीलीभीत से महिंद्रा क्रूजर टैक्सी वाहन संख्या यूके06टीए-4841 का चालक सवारी लेकर रुद्रपुर जा रहा था। इसी बीच सुबह करीब साढ़े नौ बजे पहेनिया टोल प्लाजा के पास नानकमत्ता की ओर से आ रही कार आई 20 संख्या यूके06 एडी-2481 से क्रूजर वाहन की आमने-सामने से जबरदस्त टक्कर हो गई।
टक्कर लगने के बाद सवारियों से भरी कार सड़क पर पलट गई। कार के पलटने से यात्रियों में चीख पुकार मच गई। चीखें सुनकर आसपास के लोग घटना स्थल पर पहुंच गए और यात्रियों को कार से बाहर निकाला। हादसे में टैक्सी वाहन के चालक पंजाबी कालोनी वार्ड-10 किच्छा निवासी राजीव सक्सेना(46) पुत्र ज्योति स्वरूप सक्सेना की मौके पर ही मौत हो गई।
टैक्सी में सवार नौ लोग व आई 20 में सवार दो लोग घायल हो गए। घायलों को टोल प्लाजा की एंबुलेंस और 108 एंबुलेंस की मदद से पुलिस ने उप जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया। जहां डाक्टरों ने घायलों का इलाज शुरू किया। पुलिस ने मृतक टैक्सी चालक के शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवा दिया और किच्छा परिजनों को सूचना दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *