स्वीत में दो पेयजल टैंक और देवलगढ़ में मंदिर खतरे की जद में

Spread the love

श्रीनगर गढ़वाल : श्रीनगर में नगर निगम क्षेत्र के अंतर्गत स्वीत गांव में एकल पेयजल योजना के दो टैंकों के पुश्ते क्षतिग्रस्त होने से टैंकों को खतरा पैदा हो गया है। जिससे गांव की पेयजल आपूर्ति आंशकि रूप से गड़बड़ा गई है।
लोगों का कहना है कि रेलवे की ब्लास्टिंग से नहर और पेयजल टैंकों व उनके मकानों को खतरा हो रहा है। वहीं देवलगढ़ में गौरा देवी मंदिर परिसर का पुश्ता टूटने से पुरातात्विक महत्व के वर्षों पुराने मंदिर खतरे की जद में आ गया है। स्वीत में पेयजल आपूर्ति कराने वाले टैंकों के नीचे बने पुश्ते बुरी तरह से क्षतिग्रस्त होने से लोगों की दिक्कतें बढ़ गई हैं। लोगों का कहना है कि यदि इसी तरह बारिश आती रहेगी तो दोनों टैंक पूरी तरह से ध्वस्त हो जाएंगे। जिससे गांव में पेयजल आपूर्ति बुरी तरह से प्रभावित हो जाएगी। उन्होंने जल संस्थान व प्रशासन से इस समस्या का तत्काल समाधान करने की मांग की। जल संस्थान के सहायक अभियंता कृष्णकांत ने कहा कि स्वीत में दो पेयजल टैंकों के नीचे के पुश्ते क्षतिग्रस्त होने से आ रही समस्या का समाधान किया जा रहा है। वहीं देवलगढ़ राज राजेश्वरी मंदिर के मुख्य पुजारी कुंजिका प्रसाद उनियाल ने बताया कि बारिश से गौरा देवी मंदिर परिसर का पुश्ता ढह गया। जिससे मंदिर को कभी भी बड़ा खतरा हो सकता है। उन्होंने कहा कि मंदिर पुरातत्व विभाग के अधीन है। इसलिए प्रशासन व पुरातत्व विभाग मंदिर के संरक्षण के लिए ठोस उपाय करे। (एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *