पूर्वी नयार नदी में डूबने से दो युवतियों की मौत

Spread the love

दंगलेश्वर महादेव मंदिर में जलाभिषेक करने आई थी युवतियां
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार/सुतपुली : सतपुली तहसील क्षेत्र के अन्तर्गत दंगलेश्वर महादेव मंदिर में एक बड़ा हादसा हो गया। मंदिर में जलाभिषेक करने पहुंचीं दो युवतियों की पूर्वी नयार में डूबने से मौत हो गई। स्थानीय लोगों की मदद से राजस्व व पुलिस प्रशासन ने रेस्क्यू भी चलाया, लेकिन दोनों युवतियों को बचाया नहीं जा सका। राजस्व पुलिस द्वारा पंचनामा की कार्यवाही की जा रही है।
पुलिस के अनुसार सोमवार सुबह जलाभिषेक करने मंदिर पहुंचीं युवतियां नहाने के लिए पूर्र्वी नयार नदी में चली गईं, लेकिन यहां पैर फिसलने के कारण दोनों नदी में बह गई। सतपुली थाने में सुबह लगभग 6 बजे युवतियों के पूर्वी नयार नदी में बहने की सूचना मिली। हादसे के बाद यहां अफरा-तफरी का माहौल रहा। सतपुली के थाना प्रभारी लाखन सिंह ने बताया कि ये दोनों युवितयां दंग्लेश्वर महादेव मंदिर में जलाभिषेक करने आई थी। जलाभिषेक से पहले पूर्वी नयार नदी में नहाते समय उनका पैर फिसल गया और दोनों ही नदी के तेज बहाव में बह गई। दोनों को दंग्लेश्वर महादेव मंदिर से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर सतपुली पौड़ी हाईवे पुल के पास से स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू कर निकाला गया। इसके बाद दोनों युवतियों को स्वास्थ्य केंद्र सतपुली भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। युवतियों की पहचान रुबी उर्फ सरोज 24 साल पुत्री श्याम सिंह रावत निवासी ओडलसैंण और अदिति उर्फ सोनी 15 साल पुत्री निर्मल सिंह, निवासी चैलूसैंण (द्वारीखाल) के रूप में हुई है। बताया कि अदिति हाल में अपने ननिहाल ओडलसैंण आई थी। रेस्क्यू में थाना प्रभारी के साथ ही एएसआई जगदीश सिंह, विजय नौटियाल, संजय पाल और सुदामा प्रसाद सहित राजस्व कार्मिक और बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों के साथ ही तैराक गणेश, सौरभ, सहदेव और मोहन ने भी सहयोग किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *