सेना में भर्ती के नाम पर रिश्वतखोरी के मामले में दो हवलदार गिरफ्तार

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
नई दिल्ली, पीटीआइ। केंद्रीय जांच ब्यूरो ने इंडियन आर्मी में मल्टीटास्किंग स्टाफ की भर्ती में कथित रिश्वतखोरी के आरोप में सेना के दो हवलदारों को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि सेना के साथ एक संयुक्त अभियान में सीबीआइ ने मंगलवार रात उन हवलदारों को गिरफ्तार किया, जिन्होंने कथित तौर पर चयनित उम्मीदवारों से यह कहकर पैसे मांगे कि उनके कागज अधूरे हैं।
उन्होंने बताया कि आरोप है कि आर्डिनेंस डिपो में तैनात आरोपी एमटीएस के लिए चयनित उम्मीदवारों को फोन कर धमकी देते थे कि उनके कागजात पूरे नहीं होने पर उनकी नियुक्ति रद्द कर दी जाएगी। अधिकारियों ने बताया कि इस तरह वे नियुक्ति पत्र भेजने का वादा कर उनसे पैसे वसूला करते थे। यह कार्रवाई पुणे में सेना की दक्षिणी कमान को एक गुप्त सूचना के बाद हुई। अधिकारियों ने कहा कि भ्रष्ट आचरण के लिए जीरो टालरेंस की अपनी नीति को जारी रखते हुए सेना ने सीबीआइ के साथ निचले स्तर के कर्मचारियों द्वारा संभावित कदाचार की संयुक्त जांच शुरू कर दी है। एक अधिकारी ने कहा कि इस तरह के कदाचार से निपटने के लिए सेना के सख्त नियम हैं और अपराधी के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए त्वरित जांच रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *