बस अड्डे में निर्माणाधीन पार्किंग गिरी, दो मजदूर घायल

Spread the love

रुद्रप्रयाग : रुद्रप्रयाग नगर में सिंचाई खंड द्वारा बनाई जा रही पार्किंग का एक हिस्सा लिंटर डालते वक्त अचानक गिर गया। घटना में दो मजदूर घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए जिला चिकित्सालय भेजा गया। इधर, मामले में जिला प्रशासन ने जांच के आदेश दिए हैं। जानकारी के अनुसार मंगलवार को नए बस अड्डे में निर्माणाधीन पार्किंग का लिंटर डाला जा रहा था कि इस बीच दोपहर करीब पौने दो बजे पार्किंग का एक हिस्सा धरासायी हो गया। हादसे में दो मजदूर घायल हुए हैं। हालांकि किसी तरह के जानमाल का नुकसान नहीं हुआ है। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में नगर के लोग वहां जमा हो गए। साथ ही पुलिस, प्रशासन और आपदा प्रबंधन की टीम मौके पर पहुंच गई है। आपदा प्रबंधन और पुलिस द्वारा दो मजदूरों को अस्पताल पहुंचाया गया है। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि हादसे में 40 वर्षीय अफसर आलम पुत्र मौहम्मद हुसैन निवासी मुशल नगर किशनगंज बिहार और 22 वर्षीय विकास पुत्र विनोद निवासी बालेकी यूसुफपुर हरिद्वार को हल्की चोटें आई हैं, जिन्हें अस्पताल भेजा गया है। उप जिलाधिकारी आशीष घिल्डियाल ने बताया कि सिंचाई विभाग द्वारा नए बस अड्डे में 30 वाहनों की पार्किंग का निर्माण किया जा रहा था, जिसका मंगलवार को लिंटर पड़ रहा था किंतु अचानक लिंटर का एक हिस्सा ढह गया है। लिंटर ढहने के कारणों की जांच की जाएगी। जिला स्तर पर इसके लिए एक कमेटी बनाई जाएगी, जो मामले की जांच करेगी। वहीं स्थानीय लोगों का आरोप है कि लिंटर डालने से पहले पिलर को मजबूत नहीं किया गया जिससे यह हादसा हुआ है। (एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *