प्रदेश को मिली कोविड वैक्सीन की दो लाख खुराक

Spread the love

देहरादून। राज्य को कोविड वैक्सीन की दो लाख खुराक मिल गई हैं। आज 1.20 लाख टीके और पहुंचने वाले हैं। वैक्सीन मिल जाने से राज्य में टीकाकरण अभियान फिर से रफ्तार पकड़ेगा। पिछले दो दिन से राज्य के 90 फीसदी केंद्रों पर टीकाकरण ठप पड़ा हुआ था। राज्य प्रतिरक्षण अधिकारी डा. कुलदीप सिंह मर्तोलिया ने बताया कि सोमवार दोपहर में कोविड वैक्सीन के दो लाख टीकों की खेप देहरादून पहुंच गई थी। शाम तक इन्हें जिलों को वितरित भी कर दिया गया है। ताकि टीकाकरण अभियान रुके नहीं। उन्होंने बताया कि यह टीके 45 से अधिक उम्र वालों के लिए आए हैं और उनके लिए आज भी 1.20 लाख टीके देहरादून पहुंच रहे हैं। इन टीकों के मिल जाने से कोरोना के खिलाफ लड़ाई मजबूती के साथ लड़ पाएंगे और टीकाकरण अभियान में और तेजी आएगी। राज्य में 710 केंद्र कोविड टीकाकरण के लिए बनाए गए हैं। सभी केंद्रों पर वैक्सीन की उपलब्धता जिला स्तर की टीमें सुनिश्चित कर रही हैं। उन्होंने कहा कि अभी हमें 18 से 44 वर्ष आयु वर्ग के लिए टीके नहीं मिले हैं। इसलिए इस आयु वर्ग के टीके आने तक 45 वर्ष से अधिक उम्र वालों का अधिक से अधिक टीकाकरण करने पर जोर दिया जा रहा है, ताकि टीकाकरण केंद्रों पर ज्यादा भीड़ न लगे। राज्य में टीकाकरण को लेकर उत्साह है और लोग बिना किसी हिचक के टीकाकरण करवाने आ रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *