जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : चारधाम यात्रा पर आए दो उपद्रवियों को श्रीनगर पुलिस ने छेड़छाड़ व मारपीट के आरोप में गिरफ्तार किया है।
उपनिरीक्षक रणवीर चन्द्र रमोला के अनुसार गत सोमवार को ललित मोहन भट्ट निवासी ट्रेजरी रोड श्रीनगर ने कोतवाली श्रीनगर में दी तहरीर में बताया कि कुछ अज्ञात व्यक्तियों ने महिला के साथ छेड़छाड़ और विरोध करने पर उनके साथ मारपीट भी की। पुलिस ने मुकदमा दर्ज करते हुए मामले की जांच शुरू की और आरोपियों की गिरफ्तारी को जगह-जगह दबिश दी। इस दौरान पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया और कोतवाली ले आए। दोनों आरोपियों की पहचान रामस्वरूप व अवतार सिंह निवासी ग्राम व पोस्ट मुलापूर, थाना दाखा, जिला लुधियाना के रूप में हुई। आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि उनके साथ उनके साथी सुखविंदर सिंह, मनी सिंह, जशन सिंह व अंकित भी थे जो मौके से फरार हो गए। ये सभी लुधियाना पंजाब के रहने वाले है एवं हेमकुंड साहब से दर्शन करके वापस पंजाब जा रहे थे। रात्रि विश्राम के लिए श्रीनगर गुरुद्वारे में रूके हुए थे।