जयन्त प्रतिनिधि।
लैंसडौन : उत्तराखण्ड को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे “ड्रग्स फ्री देवभूमि” अभियान के अंतर्गत जनपद पुलिस लगातार सक्रिय और सतर्क होकर कार्यवाही कर रही है। लैंसडौन पुलिस ने 45 लाख की 89.81 किलोग्राम गांजा के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस द्वारा इस अवैध तस्करी से जुड़े हुए सभी संभावित व्यक्तियों के संबंध में भी महत्वपूर्ण जानकारी एकत्रित की जा रही है, जिससे इस अवैध नेटवर्क में संलिप्त सभी व्यक्तियों के विरुद्ध प्रभावी एवं कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
अपर पुलिस अधीक्षक कोटद्वार मनोज कुमार ठाकुर एवं क्षेत्राधिकारी कोटद्वार श्रीमती निहारिका सेमवाल के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक लैंसडौन रमेश तनवर व प्रभारी सीआईयू रणजीत तोमर के नेतृत्व में टीम द्वारा थाना क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान एक वाहन को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान वाहन संख्या यूके 07 एपी 3513 से 59.39 किलोग्राम एवं वाहन संख्या यूपी 16 पीसी 0036 से 30.42 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। उक्त दोनों वाहन चालकों के पास से कुल 89.81 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। मादक पदार्थ गांजा परिवहन करते पाए जाने पर पुलिस टीम द्वारा दोनों अभियुक्तों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया तथा तस्करी में प्रयुक्त वाहनों को भी मौके पर सीज कर लिया गया। प्रभारी निरीक्षक लैंसडौन रमेश तनवर ने बताया कि मामले में वाहन चालक यशवंत सिंह, लव कुमार के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। गिरफ्तार अभियुक्तों को माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर आवश्यक वैधानिक कार्यवाही की जा रही है। अभियुक्तगण से की गई पूछताछ में बताया गया कि उनके कब्जे से बरामद उक्त गांजा महिपाल निवासी रतूपुरा ठाकुर, मुरादाबाद के कहने पर लाया जा रहा था, जिसे जगत निवासी मंगरू, पौड़ी गढ़वाल एवं रब्बू निवासी सरायखेत अल्मोड़ा से खरीदकर महिपाल उपरोक्त को देने के लिए ले जा रहे थे।