श्रीनगर गढ़वाल : गढ़वाल विवि में हिमालयी वातावरणीय एवं अंतरिक्ष भौतिकी शोध प्रयोगशाला भौतिकी विभाग के दो शोध छात्रों करन सिंह और संजीव कुमार का पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय भारत सरकार के अधीन भारतीय उष्णदेशीय मौसम विज्ञान संस्थान पुणे में परियोजना वैज्ञानिक पद पर चयन हुआ है। भौतिकी विभाग के मुख्य अन्वेषक डॉ. आलोक सागर गौतम ने बताया कि दोनों छात्र वातावरणीय भौतिकी पर शोध कर रहे हैं। बताया कि दोनों छात्र शुरू से ही उत्कृष्ट, प्रतिभाशाली, परिश्रमी, जिज्ञासु और अनुशासित रहे हैं। करन सिंह ने गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय हरिद्वार और संजीव कुमार ने गवर्नमेंट पी जी कॉलेज नई टिहरी से भौतिकी में परास्नातक करने के बाद वर्ष 2018 में विज्ञान और प्रौद्योगिकी विभाग द्वारा वित्तपोषित परियोजना में परियोजना सहायक में 4 वर्ष तक कार्य किया है। पीएचडी में प्रवेश लेकर अभी तक दोनों शोध छात्र उच्च इम्पैक्ट फैक्टर जर्नल्स में शोध पत्र प्रकाशित कर चुके हैं। दोनों शोध छात्रों की इस उपलब्धि पर संकाय अध्यक्ष प्रो. पी.डी सेमल्टी, भौतिकी विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो. आर.सी रमोला, प्रो. हेमवती नंदन, प्रो. टी.सी उपाध्याय आदि ने खुशी जाहिर करते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनायें प्रेषित की हैं। (एजेंसी)