जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : कोटद्वार क्षेत्र में साधू का भेष बनाकर घूम रहे दो संदिग्ध व्यक्तियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। व्यक्तियों के पास कोई पहचान पत्र भी नहीं है। ऐसे में पुलिस इनकी जानकारी जुटाने के प्रयासों में जुटी हुई है।
वर्तमान में पुलिस की ओर से आपरेशन कालनेमि अभियान चलाया जा रहा है। जिसके तहत पूरे प्रदेश में कई संदिग्धों को साधू का भेष बनाकर घूमते हुए पकड़ा गया है। अभियान के तहत कोटद्वार में भी पुलिस ने अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस को संदिग्ध अवस्था में बाबा के भेष में घूमते हुए दो व्यक्ति नजर आए। जब पुलिस ने उनसे पहचान पत्र व अन्य दस्तावेज मांगें तो वह गोल-मोल जवाब देने लगे, जिसके बाद पुलिस दोनों को पकड़ कर कोतवाली लेकर आ गई। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक रमेश तनवार ने बताया कि व्यक्तियों से पूछताछ कर उनके बारे में पूरी जानकारी जुटाई जा रही है। कहा कि इस तरह के व्यक्तियों के खिलाफ पुलिस का अभियान आगे भी जारी रहेगा। पुलिस ने शहरवासियों से भी ऐसे संदिग्ध लोगों के बारे में जानकारी देने को कहा। कहा कि कानून व्यवस्था बेहतर बनाने के लिए लोगों को भी पुलिस का सहयोग करना चाहिए।